जीटीबी स्कूल में होने वाले इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट की जानकारी देते आयोजक फोटो स्त्रोत अम
मेरठ। गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल में 18 सितंबर से प्रथम ऑल इंडिया इंटर स्कूल चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इसमें जूनियर, सब जूनियर और सीनियर वर्ग में टीम प्रतिभाग करेंगी। यह जानकारी स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. गोपाल दीक्षित, उप प्रधानाचार्या प्रभा व क्रिकेट कोच अतहर अली ने स्कूल में आयोजित पत्रकारवार्ता में दी।
प्रधानाचार्य ने बताया कि आईपीएल की तर्ज पर रंगीन जर्सी में टूर्नामेंट का आयोजन होगा। सभी मैच 20-20 ओवर के होंगे और मेरठ के सभी स्कूलों की टीम को इसमें अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा। स्कूली क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चौधरी नरेंद्र सिंह गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल के संस्थापक थे। उन्हीं की याद में यह टूर्नामेंट कराया जा रहा है।
उप प्रधानाचार्या प्रभा राव ने बताया कि इस टूर्नामेंट तीन वर्ग होंगे। सब जूनियर वर्ग (10 साल से 13 साल), जूनियर वर्ग (14 साल से 16 साल), सीनियर वर्ग, (17 साल से 18 साल)। प्रत्येक टीम को तीन-तीन मैच खेलने को मिलेंगे। विजेता, उप विजेता टीमों को ट्रॉफी के साथ-साथ पुरस्कार व प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे। टूर्नामेंट में स्कूलों के अलावा अकादमी की टीमों को भी प्रवेश दिए जाने पर विचार किया जाएगा। टूर्नामेंट के आयोजन में अध्यक्ष यशकरन सिंह सालवान, इन्द्रजीत सिंह सालवान, कनिष्क जैन, नीरज, हिमांशु, रोहित, राजा, रजनी, कोमल आदि का विशेष योगदान रहेगा।