निर्देश... ऐसी दवा लिखें, जो सभी मेडिकल स्टोर पर मिले
अस्पतालों और क्लीनिकों में ऐसी दवाएं लिखी जा रहीं, जो खास मेडिकल स्टोर पर ही मिलती हैं
मेरठ। जिन अस्पतालों, नर्सिंग होम और क्लीनिकों में ऐसी दवा लिखी जाती है, जो सिर्फ उन्हीं के यहां या आसपास के कुछ खास मेडिकल स्टोरों पर मिलती है, उन पर शिकंजा कसा जाएगा। ऐसी दवा लिखने के निर्देश दिए गए हैं, जो अन्य मेडिकल स्टोरों पर भी उपलब्ध हो।
औषधि अनुज्ञापन एवं नियंत्रण प्राधिकारी ने सभी सहायक आयुक्त (औषधि) और औषधि निरीक्षक को पत्र लिखा है। इसमें कहा है कि विभिन्न प्राइवेट अस्पताल, नर्सिंग होम और चिकित्सकों के क्लीनिक में मेडिकल स्टोरों का संचालन किया जा रहा है। इन मेडिकल स्टोरों पर ज्यादातर उन्हीं औषधियों की उपलब्धता होती है, जिन्हें वहां के चिकित्सक अपने पर्चे पर लिखते हैं। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण करें और जांच में दोषी पाए जाने पर ड्रग्स कंट्रोल ऑर्डर 2013 के तहत कार्रवाई करें। इस संबंध में ड्रग्स इंस्पेक्टर पवन शाक्य का कहना है कि निर्देशों का पालन कराया जाएगा।