संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन के अधिकारियों को भी विशेष दिशा-निर्देश दिए हैं। कांवड़ मार्ग में पड़ने वाले ढाबों, शिविरों, दुकानों पर खाद्य व पेय पदार्थों की गुणवत्ता व दुकानों, ढाबों पर रेट लिस्ट लगवाने को कहा गया है। उन्होंने कहा, कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली मीट की दुकानों को बंद कराया जाए। मेडिकल स्टोरों पर नियमित जांच व एक्सपायरी दवाओं की जांच की जाए। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मंडल में चेकिंग के लिए 62 खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं सात औषधि निरीक्षकों की तैनाती की गई है।
शराब की दुकानों पर डाला जाएगा पर्दा: कांवड़ मार्ग पर 550 आबकारी की शराब की दुकानें हैं। जिनकी नियमित चेकिंग और अवैध शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए हैं। शराब की दुकानों के बाहर पर्दा डाला जाएगा।
अग्निशमन व्यवस्था के निर्देश: कांवड़ मार्ग पर मंदिरों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मेरठ में 21, बागपत में दस, गाजियाबाद में 12, हापुड़ में 13, बुलंदशहर में 9, नोएडा में 4 अग्निशमन वाहन लगाए जाएंगे। कांवड़ शिविरों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन यंत्रों, बालू की बाल्टी एवं अन्य उपकरण रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आवारा पशुओं की रोकथाम: कांवड़ मार्गों एवं मंदिरों के आसपास आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए 72 विशेष दस्तों का गठन किया गया है। आसपास की 75 गौशाला भी चिह्नित की गई हैं।
प्लास्टिक मुक्त कांवड़ यात्रा के निर्देश
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने प्लास्टिक मुक्त कांवड़ यात्रा संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। सेवा शिविरों पर भी प्लास्टिक के कप, ग्लास व प्लेट्स के स्थान पर कागज के ईको फ्रेंडली सामग्री का उपयोग कराने के निर्देश पुलिस को दिए गए हैं।
-