लखनऊ से पहुंची टीम ने किया तटबंध के निर्माण कार्य का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। खादर क्षेत्र को बाढ़ से सुरक्षित रखने के लिए निर्माणाधीन तटबंध का मंगलवार को लखनऊ से आई तकनीकी टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि बरसात के मौसम में क्षेत्र को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता भारतेंदु गौड़ और अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार ने सिरजेपुर से मनोहरपुर गंगा पुल तक बनाए जा रहे तटबंध का विस्तृत निरीक्षण किया। करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस तटबंध की लंबाई लगभग 5.300 किलोमीटर है, जो खादर क्षेत्र के गांवों को बाढ़ से सुरक्षा प्रदान करेगा।
अधिकारियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, मिट्टी भराव, ढलान और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की। साथ ही ठेकेदार और विभागीय कर्मचारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुणवत्ता से समझौता न करते हुए तेजी से काम पूरा किया जाए।
अभियंता गंगा ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव ने 15 जून तक तटबंध का निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि संभावित बाढ़ से पहले क्षेत्र को सुरक्षित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि यह तटबंध खादर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जिससे हर वर्ष आने वाली बाढ़ की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।