शराब माफिया को केमिकल बेचने पर दरोगा गिरफ्तार
हापुड़/मेरठ। इथाइल एल्कोहल बेचने के मामले में मेरठ पुलिस ने हापुड़ धौलाना क्षेत्र में तैनात एक दरोगा को गिरफ्तार कर लिया है। दरोगा पर 2019 में बरामद इथाइल एल्कोहल को शराब तस्करों को बेचने का आरोप है। आईजी ने हापुड़ एसपी को आरोपी दरोगा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
पांच जनवरी 2019 को जनपद गाजियाबाद पुलिस के इनपुट पर हापुड़ आबकारी और धौलाना पुलिस की टीम ने पंजाब से तस्करी कर लाया गया 24 हजार लीटर इथाइल एल्कोहल यूपीएसआईडीसी क्षेत्र स्थित एक गोदाम से बरामद किया था। मौके से 120 प्लास्टिक के ड्रम मौजूद थे। आबकारी विभाग व पुलिस ने मौके से चार लोगों को भी गिरफ्तार किया था। आरोप है कि यूपीएसआइडीसी चौकी पर तैनात दरोगा ब्रिजेश यादव ने रुपयों के लालच में इथाइल एल्कोहल के कुछ ड्रमों को नकली शराब बनाने वाले माफिया को बेच दिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब मंगलवार को मेरठ की मवाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जहरीली शराब के साथ मेरठ के गांव जघेड़ी से एक पिकअप के साथ आरोपी इरफान और आसिफ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि उन्हें ताबिल के द्वारा यह केमिकल धौलाना एपीएसआईडीसी चौकी से दिलवाया गया था। मेरठ पुलिस ने इस मामले में छानबीन की तो चौकी इंचार्ज की मिलीभगत का खुलासा हुआ। मंगलवार को मेरठ पुलिस ने आरोपी ब्रिजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया।
चौकी इंचार्ज धौलाना ने बिकवाई थी जहरीली शराब
मवाना पुलिस ने 1600 लीटर इथाइल एल्कोहल सहित दो आरोपी इरफान निवासी खिचरा धौलाना और आसिफ राणा निवासी डेहरा धौलाना हापुड़ को मंगलवार को गिरफ्तार किया। दोनों को मवाना पुलिस ने जंघेडी गांव के जंगल से शराब बनाते पकड़ा। पांच आरोपी गुल्ची उर्फ परवेज तोमर, तालिब निवासी नाहली थाना भोजपुर, रोबिन राणा निवासी मवाना खुर्द, भुवनेश काजीपुर खरखौदा और पुनीत विधुरी निवासी जंघेडी मवाना फरार हो गए। पूछताछ में इरफान और आसिफ ने बताया कि इथाइल एल्कोहल अपने साथियों की मदद से नौ जनवरी की रात को पुलिस यूपीएसआईडीसी चौकी धौलाना हापुड़ से लाए थे। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मेरठ एसओजी टीम ने चौकी इंचार्ज यूपीएसआईडीसी बृजेश कुमार यादव को हिरासत में लिया।
खाकी हुई दागदार
शराब तस्करों ने हापुड़ के दरोगा की पोल खोल दी तो सब हैरान रह गए। पुलिस को यकीन नहीं आया तो आरोपियों ने प्रमाण तक दे दिए। जहरीली शराब से बुलंदशहर में हाल ही में 6 लोगों की मौत हुई है। नोएडा में भी 2 लोगों की मौत हुई। जहरीली शराब बनाने और उसकी बिक्री को लेकर मुख्यमंत्री भी बेहद नाराज हैं। इसको लेकर एडीजी व आईजी लगातार जिलों में अभियान भी चलवा रहे हैं। इतना सब कुछ होने के बावजूद भी खुद पुलिस यह कारनामा कर रही है। जांच में सामने आया है कि दरोगा ने चौकी से तस्करों को इथाइल एल्कोहल बेचा था।