लिसाड़ी रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार ऑटो ने ओवरटेक के दौरान सड़क किनारे चल रहे छह साल के मासूम को कुचल दिया। खून से लथपथ बच्चे को ऑटो चालक जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित किया तो वह बच्चे का शव और ऑटो छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार माधवपुरम वाली गली ब्रह्मपुरी निवासी कपड़ा व्यापारी आरिफ चार माह की जमात में गया हुआ है। उसका बेटा सुभान (6) निजी स्कूल में कक्षा एक में पढ़ता था। सुबह करीब नौ बजे सुभान घर के पास दुकान पर सामान लेने गया था। इस बीच पीछे से आया तेज रफ्तार ऑटो उसे कुचलता निकल गया। इस बीच आसपास के लोगों की भीड़ लगी तो ऑटो चालक ने गंभीर रूप से घायल सुभान को ऑटो से जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी, डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों में सुभान का शव देखकर कोहराम मच गया। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी के अनुसार बच्चे के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। ऑटो कब्जे में ले लिया गया है।
मौत बनकर दौड़ते ऑटो
लिसाड़ी गेट और ब्रह्मपुरी क्षेत्र में ऑटो की टक्कर से छह माह में तीन मासूमों की मौत हो चुकी है। हापुड़ अड्डा चौराहा से भूमिया पुल, भूमिया पुल से लिसाड़ी रोड, फतेहउल्लापुर रोड और श्यामनगर रोड पर अवैध रूप से 500 से अधिक ऑटो चलते हैं। लेकिन थाना पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, आरटीओ विभाग ने कभी कार्रवाई नहीं की।
- बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा आरोपी चालक, मौत होने पर ऑटो छोड़कर फरार हुआ