मृतक महिला कमलेश का फाइल फोटो। परिजन
खेत से लौटते समय बैल-बुग्गी और दीवार के बीच फंसने से हो गई थी घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। थाना क्षेत्र के गांव किनौनी में बैल-बुग्गी के बीच में फंसकर घायल हुई महिला की मेरठ अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिवार के लोगों ने बिना कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है।
जानकारी के अनुसार गांव किनौनी निवासी महावीर की पांच साल पहले मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद महिला कमलेश (55) दो बेटों के साथ स्वयं ही खेतों की देखभाल करने लगी। बीते साेमवार को महिला खेत में गन्ने की छिलाई करने के बाद अगोले लेकर बैल-बुग्गी से घर लौट रही थी। वह गांव में पहुंची तो अचानक गली के बीच में बैल डरकर बुग्गी लेकर भाग लिया। महिला ने बैल को रोकने का प्रयास किया तो अचानक बुग्गी और दीवार के बीच में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को आनन-फानन में मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना कानूनी कार्रवाई के शव अंतिम संस्कार कर दिया। थाना पुलिस ने बताया कि ऐसी कोई घटना उनकी जानकारी में नहीं आई है। फिर भी जांच करा ली जाएगी।