बीआरसी माछरा पर एक दिवसीय प्रशिक्षण होता हुआ
माछरा। ब्लॉक संसाधन केंद्र माछरा में दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों का परामर्श एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम समेकित शिक्षा के अंतर्गत बीआरसी पर संपन्न हुआ, जिसमें अभिभावकों को दिव्यांगता से संबंधित शैक्षिक एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने किया।
जिला समन्वयक समेकित शिक्षा राजेश कुमार ने बताया कि दिव्यांग बच्चों के लिए केवल सहानुभूति नहीं, बल्कि समुचित सुविधा, समर्पण और जागरूकता की आवश्यकता है। अभिभावकों की जागरूकता ही बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बना सकती है। प्रदेशीय प्रशिक्षक तशरीफ अली व चांद मोहम्मद ने संसाधन व्यक्ति के रूप में सहभागिता निभाई। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
विशेष शिक्षक प्रमोद कुमार, शिवकेश तिवारी एवं गौरव शर्मा ने प्रतिभागियों को विभागीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों, स्कूलों में विशेष बच्चों के लिए दी जा रही सहायता सेवाओं एवं समावेशी कक्षाओं की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। प्रशिक्षण कार्यशाला में परिषदीय विद्यालयों में पंजीकृत दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर चारु शर्मा, इमरान अहमद, अमरीश शर्मा, सोनू कुमार, अनिल कुमार आदि का योगदान रहा।