प्रवीण कुमार, भुवनेश्वर कुमार, करन शर्मा के बाद अब शुभम मावी के कदम भी टीम इंडिया की तरफ बढ़ने लगे हैं। सोमवार को शुभम का चयन टीम इंडिया अंडर 19 में हो गया। वह 2 से 22 दिसंबर तक श्रीलंका में होने वाली त्रिकोणीय सीरीज में खेलेगा। इस सीरीज में तीसरी टीम इंग्लैंड है।
भामाशाह पार्क में कोच संजय रस्तोगी की देखरेख में शुभम ने गेंदबाजी के गुर सीखे हैं। शुभम का चयन 15 नवंबर से टीम इंडिया अंडर 19 के संभावित कैंप में हुआ था। उसने 20 से 30 नवंबर तक कोलकाता में हुई त्रिकोणीय सीरीज में टीम इंडिया की तेज गेंदबाजी का नेतृत्व किया।
बांग्लादेश और अफगानिस्तान की टीमों के खिलाफ शानदार गेंदबाजी कर चार विकेट भी चटकाए। शुभम बताते हैं कि वह अपनी गति, लाइन और स्विंग पर ध्यान दे रहे हैं, जो उन्हें विकेट चटकाने में मदद करती है। होनहार गेंदबाज ने बताया कि अपनी बहन के कारण ही वह खेल सका है। अंडर 16 में प्रदेश के लिए दर्जनों विकेट चटकाने वाले शुभम के पिता चंद्रहास मावी बागपत में पुलिस विभाग में कार्यरत हैं।
शुभम ओपन आर्म एक्शन से गेंदबाजी करते हुए अच्छी गति निकालता है। दायें हाथ के तेज गेंदबाज का भविष्य में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज शेन बांड की तरह गेंदबाजी करना है। शेन बांड ही शुभम के रोल माडल है। हालांकि वह देश के तेज गेंदबाजों को भी काफी देखकर उनसे काफी कुछ सीखता है।
शुभम के टीम इंडिया अंडर 19 में चयन होने पर मेरठ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एनपी सिंह, यूपीसीए के ज्वाइंट सेकेट्ररी युद्धवीर सिंह, मेरठ जिला क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष राकेश गोयल, क्यूरेटर रविंद्र चौहान, सुभाष शर्मा आदि ने उन्हें बधाई दी।