सभी 62 कैंट में घुसपैठ चाहती है आईएसआई
देश में 62 छावनी क्षेत्र हैं। इनमें संवेदनशील कैंट की फेहरिस्त में मेरठ का नाम भी आता है। सैन्य अफसरों का कहना है कि आईएसआई देश के सभी छावनी क्षेत्रों में अपना नेटवर्क बनाना चाहती है। इसके लिए तरह-तरह से जवानों को लालच दिया जाता है। कई बार पाकिस्तान से आई रांग कॉल के जरिए भी शिकार तलाशे जाते हैं। कई बार फेसबुक से नंबर हासिल करके कॉल की जाती है तो कई बार किसी दूसरे माध्यम से। सैन्य अफसरों का कहना है कि कंचन भी इसी तरह से जाल में फंसा।
मास्टर माइंड की गिरफ्तारी से खुलेंगे साजिश के तार
यूपी, राजस्थान और पंजाब पुलिस के बीच समन्वय काम आया। पुलिस कर्मियों से राइफल लूटकर पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल की सभा में हमला करने की साजिश रचने वाले जर्मन सिंह को राजस्थान पुलिस ने बीकानेर से गिरफ्तार कर लिया। उसे फिलहाल पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया है, उससे यूपी एटीएस टीम (एंटी टेररिस्ट स्क्वाड) भी पूछताछ करेंगी। इसके अलावा उसके एक अन्य साथी करमा को शामली पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व में गिरफ्तार किए गए तीन खालिस्तान समर्थकों की भी दस दिन की रिमांड पुलिस को मिल गई है। इनसे पूछताछ के बाद पूरी साजिश का खुलासा होने के साथ प्रतिबंधित बब्बर खालसा के नेटवर्क को ध्वस्त करने में पुलिस को कामयाबी मिलेगी।
बीकानेर जाकर छिप गया था जर्मन
उत्तर प्रदेश व पंजाब पुलिस का वांटेड आरोपी जर्मन सिंह को राजस्थान के बीकानेर जिले से बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दावा किया है कि जर्मन सिंह पंजाब के नेता प्रकाश सिंह बादल को मारने की साजिश रच रहा था। सीआई भवानी सिंह के अनुसार वांटेड जर्मन सिंह जर्मन सिंह को पकड़ने की सूचना पंजाब पुलिस को दी गई, जिसके बाद पंजाब पुलिस बीकानेर पहुंची। इस दौरान सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बीकानेर पुलिस द्वारा जर्मन सिंह को पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया।
करमा के पास से भी बरामद हुई पिस्टल
पुलिस ने झिंझाना क्षेत्र में मंसूरा मार्ग से आरोपी करमवीर उर्फ करमा पुत्र अजीत सिंह निवासी डेरा बिरसा सिंह गांव अजीजपुर को गिरफ्तार कर लिया। पंजाब में पूर्व सीएम की सभा में हमला कर अराजकता फैलाने की साजिश रच रहा जर्मन और उसके साथी असलाह एकत्र करने में जुटे थे। गत 14 अक्तूबर को गिरफ्तार हुए इनके तीन साथियों से पुलिस ने लूटी गई इंसास, थ्री नाट थ्री राइफल के अलावा पिस्टल भी बरामद की थी। फरार करमवीर उर्फ करमा के पास से भी पुलिस ने .32 बोर की पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। झिंझाना थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि राइफल लूट का आरोपी करमा को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/