- वकीलों ने कोर्ट के बाहर पोस्टर लगा की नारेबाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। बार एसोसिएशन मवाना एवं मवाना सिविल बार एसोसिएशन की एक संयुक्त तत्वावधान में अधिवक्ताओं ने तहसीलदार न्यायालय का अनिश्चितकालीन बहिष्कार किया। वकीलों ने कोर्ट के बाहर पोस्टर लगा कर जमकर नारेबाजी की।
दोनों बार की आम सभा बार हॉल मवाना में आयोजित हुई। अध्यक्षता अध्यक्ष श्रीवल्लभ एडवोकेट एवं राजेंद्र तोमर एडवोकेट व संचालन सचिव महमपाल सिंह एडवोकेट व नटवर सिंह राणा एडवोकेट ने संयुक्त रूप से किया। सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि तहसीलदार का व्यवहार अधिवक्ताओं के प्रति उचित नहीं है और वह जानबूझकर अविवादित दाखिल-खारिज की प्रक्रिया को धीमा कर रहे हैं और अमलदरामद नहीं करा रहे हैं।
अधिवक्ताओं ने तहसीलदार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने, चैंबर बंद रखने और जनता को दर्शन न देने का गंभीर आरोप लगाया। साथ ही मनमाने ढंग से 1359 फसली 41, 45 व नक्शा 23 व 1951 में जमीन की नियत को लेकर कड़ी शर्तें रखकर वादियों व अधिवक्ताओं को परेशान करने व लाखों रुपये की फरमाइश करने का आरोप लगाया, जिससे न्यायालय में वादकारियों का हित सुरक्षित नहीं रह गया है।
अधिवक्ताओं ने बताया कि गत 19 सितंबर से चला आ रहा कार्य बहिष्कार अब अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया गया है। इसके बाद आक्रोशित अधिवक्ताओं ने तहसीलदार कोर्ट के बाहर बहिष्कार का पोस्टर चस्पा करते हुए जमकर नारेबाजी की। दोनों बार के अध्यक्ष व सचिव तहसीलदार न्यायालय की निगरानी करेंगे और यदि कोई अधिवक्ता तहसीलदार न्यायालय में कार्य करता पाया गया तो उसके खिलाफ संयुक्त बार द्वारा आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
तहसीलदार निरंकार सिंह का कहना है कि आरोप निराधार हैं, उनके यहां सभी का सम्मान है, जिन दाखिल खारिज में कागजात मांगे गए हैं, उसके लिए जिलाधिकारी के आदेश हैं।
तहसीलदार न्यायालय का बहिष्कार व पोस्टर लगाने से पहले बैठक करते अधिवक्ता। (स्त्रोत अधिवक्ता) मव
तहसीलदार न्यायालय का बहिष्कार व पोस्टर लगाने से पहले बैठक करते अधिवक्ता। (स्त्रोत अधिवक्ता) मव