ग्राम पंचायत की भूमि पर कब्जे के लिए प्रधान से अभद्रता
परीक्षितगढ़। क्षेत्र के ग्राम पसवाड़ा में कुछ लोगों ने ग्राम पंचायत की भूमि पर कब्जा कर रखा है। वहीं, ग्राम प्रधान ने सरकारी टंकी के निर्माण का प्रस्ताव पास कर कार्य शुरू कराने का प्रयास किया। इस पर उक्त लोगों ने ग्राम प्रधान एवं चालक से अभद्रता कर जेसीबी में आग लगाने का प्रयास किया। इस संबंध में ग्राम प्रधान ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्राम प्रधान पसवाड़ा रीना मलिक पत्नी मनोज ने ग्राम पंचायत की भूमि पर सरकारी टंकी का प्रस्ताव पास किया था। गांव के कुछ लोगों ने ग्राम पंचायत की भूमि पर कब्जा कर रखा है। ठेकेदार जेसीबी एवं मजदूर लेकर बृहस्पतिवार को ग्राम पंचायत की भूमि पर पहुंचा। यहां जेसीबी से सफाई शुरू कराई। इसी दौरान आधा दर्जन लोगों ने पहुंचकर ठेकेदार से मारपीट कर मजदूरों को खदेड़ दिया तथा जेसीबी में आग लगाने का प्रयास किया। इसकी जानकारी पाकर ग्राम प्रधान रीना मलिक मौके पर पहुंची तो उक्त लोग अभद्रता करने लगे और जान से मारने की धमकी देते हुए काम बंद करा दिया। पीड़ित ग्राम प्रधान ने थाने पहुंचकर गांव के दीपक पुत्र सतेंद्र, भुगेंद्र पुत्र नैन सिंह, अभिनव पुत्र समरपाल, विकास पुत्र सुरेंद्रपाल, समरपाल पुत्र खेमचंद, अमरजीत पुत्र बलराज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है।