फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS Final: वेस्ट यूपी में बड़ी स्क्रीन पर देखेंगे फाइनल टक्कर, भारत की जीत के लिए प्रार्थना-दुआएं जारी

Sun, 19 Nov 2023 10:42 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

विश्व कप 2023 के फाइनल में आज भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। मेरठ समेत पश्चिमी यूपी में क्रिकेट प्रेमी इस मुकाबले के लिए उत्साहित हैं। भारत-आस्ट्रेलिया की फाइनल टक्कर देखने के लिए मेरठ के 40 से अधिक स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाई गई है। भारत की जीत के लिए प्रार्थना व दुआएं की जा रही हैं।
विज्ञापन
IND vs AUS World Cup Final - फोटो : ICC
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विश्व कप 2023 के फाइनल में आज भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले के लिए दोनों टीमें तैयार हैं। क्रिकेट वर्ल्डकप के फाइनल में भारत की जीत के लिए मंदिरों में पूजा-पाठ किए गए और मस्जिदों में दुआ हुई। हर दिल की यही पुकार है कि भारत विश्व विजेता का ताज पहने और आस्ट्रेलिया से 2003 के वर्ल्डकप फाइनल की हार का बदला ले। मेरठ समेत पश्चिमी यूपी के सभी जिलों में क्रिकेट के इस महामुकाबले को लेकर फैन्स उत्साहित हैं।

विज्ञापन


मैच देखने के लिए मेरठ शहर में 40 से अधिक स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी। शास्त्रीनगर, सदर, आबूलेन, बेगमपुल, शारदा रोड, जागृति विहार, नई सड़क के व्यापारियों ने मैच देखने के लिए विशेष तैयारी की है।

क्रिकेट विशेषज्ञों की मानें तो भारतीय टीम वर्तमान समय में शीर्ष पर है और उसने अपने खेल से सभी को प्रभावित किया है। वर्ल्ड कप मैचों में लगातार दस जीत का रिकाॅर्ड भी बनाया है। क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि आईटीआई साकेत स्थित क्रिकेट मैदान में बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच दिखाया जाएगा।
विज्ञापन


शहर के कई होटलों, रेस्टोरेंट व पार्क आदि जगहों पर भी लोग एकजुट होकर मैच देखेंगे। सूरजकुंड पार्क में हिंदू वीर सेना ने हवन किया। प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह राठौर के नेतृत्व में हवन किया गया। यज्ञ पंडित अशोक शास्त्री ने संपन्न कराया।

ऑस्ट्रेलिया को धूल चटाएंगे : कपिल पांडे
उत्तर प्रदेश जूनियर चयन समिति के अध्यक्ष व भारतीय टीम के सदस्य कुलदीप यादव के कोच कपिल पांडे ने कहा कि भारत की टीम के सभी खिलाड़ी इस समय फार्म में हैं। उनका मनोबल काफी ऊंचा है। रोहित शर्मा शुरुआत में अच्छा स्टार्ट दे रहे हैं और कोहली, केएल राहुल और श्रेयस की फार्म के चलते भारत अच्छा स्कोर कर रहा है। कुलदीप भी फाइनल में और अच्छा करेंगे।

भारत को टक्कर नहीं दे पाएगी आस्ट्रेलिया : संजय रस्तोगी
क्रिकेट कोच संजय रस्तोगी ने कहा कि भारतीय टीम फाइनल जीतेगी। भारत के शीर्ष गेंदबाज और शीर्ष बल्लेबाज कमाल की फार्म में हैं। वह अच्छी शुरुआत कर रहे हैं। मध्य वर्ग के बल्लेबाज भी फार्म में हैं और मैच को अच्छा खत्म कर रहे हैं।

सभी मैच जीती है फाइनल भी जीतेगी टीम : तनकीब अख्तर
क्रिकेट कोच तनकीब अख्तर ने कहा कि भारतीय टीम अपने सभी मैच जीती है और फाइनल भी जीतेगी। टीम एकजुट होकर खेल रही है। इसका नतीजा वर्ल्ड कप फाइनल के रूप में आएगा। मैच देखने के लिए भी व्यवस्था की गई है। अकेडमी के बच्चे देखने के लिए एक साथ रहेंगे।

भारत की टीम इस बार सबसे ज्यादा मजबूत
बचपन से क्रिकेट खेल रहा हूं। 1993 में एमपीएस कॉलेज में जिला स्तर पर क्रिकेट टूर्नामेंट जीता। इस बार वर्ल्ड कप में भारत की टीम सबसे ज्यादा मजबूत है। इस बार तीसरा वर्ल्ड कप जीतेंगे। - अनिल पुंडीर, अध्यक्ष, ध्यानचंद नगर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन।

कारोबार में हुई 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी
मेरठ के खेल उत्पादों की बिक्री में 30 प्रतिशत का इजाफा हो गया है। भारतीय ग्राउंड में मेरठ के बल्लों से रनों की बारिश हो रही है। इस वर्ल्ड कप में 8 करोड़ का अतिरिक्त कारोबार हुआ है। क्रिकेट किट की बिक्री भी बढ़ी है। - अतुलेश शर्मा, स्पोर्ट्स व्यापारी

उत्तर प्रदेश, हिमाचल की टीम ने की जीत के लिए प्रार्थना
भामाशाह मैदान में चल रहे कूच बिहार ट्रॉफी मैच के दूसरे दिन खेल खत्म होने के बाद दोनों टीमों ने भारत की टीम के वर्ल्ड कप जीतने की प्रार्थना की। खिलाड़ियों ने कहा कि वर्ल्ड कप भारत के पास ही आएगा। उत्तर प्रदेश की टीम के हेड कोच ध्रुव व बेटिंग कोच उमंग शर्मा ने कहा कि भारतीय टीम अच्छी फार्म में है। भारत वर्ल्डकप जरूरत जीतेगा। 

'लिख दो आसमान में ये वर्ल्डकप इंडिया के पास है'
शनिवार को प्राथमिक विद्यालय कमालपुर में शिक्षिका यतिका पुंडीर के निर्देशन में बच्चों ने विशेष एक्टिविटी की। बच्चों ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों के मास्क लगाकर कई गतिविधि में हिस्सा लिया। बच्चों ने भारतीय टीम के बालरों के समर्थन में कुछ स्लोगन लिख। इनमें ‘लिख दो आसमान में ये वर्ल्डकप इंडिया के पास है, चूक गए अगर बैट से तो बालिंग में धधकती आग है’, दिखा के जज्बा तिरंगा लहरा लो, इस बार फिर से विश्व कप उठा लो’।

हस्तिनापुर के लोग भी उत्साहित
हस्तिनापुर के लोग भी मैच को लेकर उत्साहित हैं। पल्लवी का कहना है कि टीम इंडिया शानदार प्रदर्शन कर रही है। हम जरूर जीतेंगे। डिंपी चौहान का कहना है कि विश्व कप के फाइनल में पहुंचने वाली दोनों टीमें मजबूत हैं। विश्वास है कि अहमदाबाद में टीम इंडिया नया इतिहास लिखेगी। रोनित का कहना है कि शमी, कुलदीप व शिराज शानदार प्रदर्शन करेंगे। जेपी बैंसला का कहना है कि भारतीय टीम रोहित शर्मा की कप्तानी में विश्वकप जरूर जीतेगी।
विज्ञापन

महामुकाबले के लिए मुजफ्फरनगर भी तैयार
मुजफ्फरनगर जनपद में विश्वकप के महामुकाबले का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है। शहर से लेकर गांव तक फाइनल देखने के इंतजाम किए गए हैं। क्रिकेट प्रेमी कहते हैं कि 2003 की कड़वी यादें भुलाने का समय आ गया है। खिलाड़ियों के लिए दुआओं का दौर चल रहा है। 

चरथावल कस्बे के मोहल्ला तगायां मुस्लिम में नवाब के यहां सामूहिक रूप से मैच देखने के इंतजाम किए है। एक साथ सैकड़ों लोग लुत्फ उठाएंगे। इसके अलावा गांव खुसरोपुर में खासी तैयारी रही चल रही है। पुरकाजी के चेयरमैन जहीर फारूकी ने बताया कि नगर पंचायत कार्यालय सभागार में एलईडी लगाकर विश्वकप का फाइनल मैच लोगों को दिखवाया जाएगा। सिसौली की पट्टी सूंडियान में एलईडी लगाई गई है। काकड़ा, कुटबा, बघरा में मैच के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें