मेरठ। डीएम वीके सिंह बैंकों के अफसरों से कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में लाभार्थियों को ऋण देने के लिए आवेदन संख्या बढ़ाई जाए। शुक्रवार को डीसीसी (जिला सहकारी केंद्रीय बैंक), डीएलआरसी (जिला स्तरीय समीक्षा समिति), डीएलएससी और (जिला स्तरीय सलाहकार समिति) की बैठक में उन्होंने ये निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाही करने वाले बैंकों पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।
विकास भवन सभागार में हुई बैठक में उन्होंने अस्वीकृत आवेदनों के बारे में भी जानकारी ली। बैंकों से कहा कि युवा उद्यमियों को ऋण दिलाने में सहयोग किया जाए। डीएम ने जिला समन्वयक को ब्रांच का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जनहित में सरकार की मंशा के अनुरूप लाभार्थियों को ऋण की सुविधा दी जाए। इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग दीपेंद्र कुमार ने भी ऋण योजनाओं के आधार पर उद्योग स्थापित करने के बारे में बताया।