बेनामी लेनदेन, प्रोजेक्ट पर फोकस
सराफा व्यापारी ने किन-किन प्रोजेक्ट पर काम किया और बेनामी लेनदेन के अलावा उसके पास कितनी संपत्ति व कैश है, इन अहम तथ्यों पर भी आयकर टीम का फोकस रहा। कानपुर से आए डिप्टी डायरेक्टर आयकर, मेरठ के सहायक निदेशक सिस्टम राजीव प्रसाद सहित गाजियाबाद और दिल्ली के अधिकारियों ने वेस्ट एंड रोड व विश्व एंकलेव स्थित घर, तेजपाल एंक्लेव स्थित सराफ के सीए के घर और सदर सराफा बाजार स्थित दो प्रतिष्ठानों पर सर्च जारी रखा। फर्म के टर्नओवर की पेन ड्राइव से जांच की गई। व्यापारी की लावड़, बहसूमा, मवाना सहित शहर के बाहरी क्षेत्रों में भी संपत्ति बताई जा रही है।
अलमारी सील, फर्श भी तोड़े गए
सर्च में टीम द्वारा घरों व प्रतिष्ठानों की अलमारी सील करने और दुकान व मकान में कई जगह फर्श तोड़ने की सूचना भी मिलती रहीं। अधिकारियों ने सराफ के सभी कर्मचारियों के आधार कार्ड, वोटर आईकार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी छानबीन की। चर्चा है कि बड़ी कंपनियों में टर्नओवर दिखाने और काला धन एक नंबर में करने के लिए 1-2 प्रतिशत कमीशन देकर टर्नओवर घुमाई जाती है।
40 पार्टनरों से संबंधित दस्तावेजों की तलाश
सर्च में टीम ने 40 पार्टनरों से संबंधित दस्तावेज भी तलाशे। सूत्रों के अनुसार सूचना थी कि बड़े कारोबारियों के साथ शहर में कई बड़ी संपत्तियां खरीदीं गईं। शहर के पूर्व सिनेमाघर संचालक, मसाला व्यवसायी और शहर के तीन प्रमुख बिल्डरों के साथ सराफा कारोबारी ने कई प्रोजेक्ट पर काम किया।
मुजफ्फरनगर के स्वर्ण व्यापारी का नाम भी चर्चा में रहा। सराफ की आबूलेन, बच्चा पार्क सिटी सेंटर, शास्त्रीनगर, साकेत आदि क्षेत्रों में भी संपत्ति बताई गई। सराफ के सीए के यहां की सर्च भी जांच का हिस्सा है।