फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आयकर का छापा: कांग्रेस नेता राजीव जैन से लिंक जुड़ने पर संजय पर कसा शिकंजा, कमल ठाकुर भी आए लपेटे में

Wed, 18 Dec 2024 04:23 PM IST
मोहम्मद मुस्तकीम अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ

सार

आयकर विभाग की दो टीमों ने देहरादून में कांग्रेस नेता के यहां पर छापा मारा तो तीन टीम मेरठ पहुंच गईं। संजय जैन के आवास कमलानगर, कमल ठाकुर के आवास न्यू शंभूनगर और उनके कार्यालय पर छापा मारा।
विज्ञापन
छापे के दौरान व्यापारियों को अंदर जाने से रोका तो गेट फांदने की कोशिश करने लगे। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के करीबी कांग्रेस नेता राजीव जैन का लिंक मेरठ में उनके रिश्तेदार संजय जैन से जुड़ा है। इसके चलते आयकर विभाग की टीम ने मेरठ में संजय जैन की कुंडली खंगाली। बताया गया कि राजीव जैन, संजय जैन और कमल ठाकुर ने पार्टनरशिप में मेरठ में करोड़ों की संपत्ति खरीदी है। फोन पर लगातार बातचीत की और कुंडली खंगालने के बाद आयकर विभाग अधिकारियों ने मेरठ में छापा मारा है।
विज्ञापन

 

कांग्रेस नेता की पार्टनरशिप में दिल्ली रोड पर करोड़ों रुपये कीमत की जमीन खरीदना बताया गया है। करीब एक माह पहले आयकर विभाग की टीम देहरादून के निशाने पर कांग्रेस नेता आए थे। टैक्स चोरी होने की आशंका पर आयकर विभाग ने पहले कांग्रेस नेता राजीव जैन और फिर उनके जुड़े लोगों की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी। राजीव जैन की बेटी की शादी संजय जैन के बेटे से हुई है। दोनों रिश्तेदारों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकाल ली। लंबी बातचीत होना बताया गया है। टैक्स चोरी में करोड़ों रुपये की हेराफेरी होने का अंदेशा जताकर आयकर विभाग ने पांच अलग-अलग टीम गठित कीं। 
 

पुलिस बुलाई और फिर लौटी
आयकर विभाग की टीम ने कमल ठाकुर और संजय जैन के यहां पर छापा मारा। इसकी जानकारी लगने पर व्यापारी और भाजपा नेता मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने हंगामा किया तो आयकर विभाग के अधिकारियों ने पुलिस को फोन कर जानकारी दी। टीपीनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने व्यापारियों से बातचीत की और फिर वापस लौट गई।
 

विश्वकर्मा ग्रुप के तीन ठिकानों पर आयकर ने की दस्तावेजों की जांच

भाजपा नेता, संयुक्त व्यापार संघ उपाध्यक्ष, विश्वकर्मा ग्रुप डायरेक्टर एवं रियल एस्टेट कारोबारी कमल ठाकुर और उनके पार्टनर चार्टर्ड एकाउंटेंट संजय जैन की दिन निकलते ही आयकर विभाग की टीम ने घेराबंदी कर ली। कमल ठाकुर के दिल्ली रोड स्थित न्यू शंभूनगर, संजय जैन के बागपत रोड स्थित कमलानगर में आवास और मेरठ मॉल कार्यालय पर आयकर ने छापा मारा। तीनों जगह पर आयकर ने टैक्स चोरी से संबंधित दस्तावेज खंगाले। देर रात तक जांच की। 
आयकर के अधिकारियों ने घंटों कमल ठाकुर और संजय जैन से पूछताछ कर दस्तावेजों की जांच करनी शुरू कर दी। परिवार के किसी भी सदस्य को बाहर नहीं जाने दिया। विश्वकर्मा बिल्डर्स के संचालक उद्योगपति कमल ठाकुर के अलावा प्रदीप गुप्ता पिंकी और संजय जैन की पार्टनरशिप में फर्म है। विश्वकर्मा इंड्रस्ट्रियल एरिया भी इसी बिल्डर ने बनाया। मेरठ समेत कई शहरों में विश्वकर्मा ग्रुप के प्रोजेक्ट चल रहे हैं। टीम ने नकदी, सोने-चांदी के जेवरात के बारे में भी जानकारी ली। 
 

इन्वेस्टर समिट में किया था 80 करोड़ का निवेश

वर्ष 2021-22 में हुई इन्वेस्टर समिति में विश्वकर्मा ग्रुप ने 80 करोड़ का निवेश किया। उत्तर प्रदेश में विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एस्टेट पहली प्राइवेट इंडस्ट्रियल एरिया कंपनी है। ग्रुप के द्वारा कंकरखेड़ा बाईपास पर भी बड़ी संपत्ति खरीदी गई है।

बच्चों को स्कूल से लाए पड़ोसी
बिल्डर कमल ठाकुर के बच्चे सेंट मेरीज स्कूल में पढ़ते हैं। रेड के दौरान बच्चे स्कूल में थे। ऐसे में पड़ोसियों की मदद से बच्चों को घर लाया गया। कमला नगर में छापामारी के दौरान ड्राइवर को टीम ने घर में नजरबंद कर दिया। हालांकि व्यापारियों के कहने के बाद उसे छोड़ दिया गया।

ग्रुप के एक डायरेक्टर के पड़ चुका है छापा
विश्वकर्मा ग्रुप के एक अन्य डायरेक्टर्स के घर इससे पहले भी इनकम टैक्स की टीम ने छापेमारी की थी। बड़ी टैक्स चोरी का खुलासा हुआ था। एक डायरेक्टर के यहां नेपाली नौकर लाखों की धनराशि चोरी कर ले गया था। हालांकि पुलिस ने कार्यवाही कर कुछ माल बरामद किया।
 
विज्ञापन

तीन स्थानों पर व्यापारियों ने किया हंगामा
मेरठ मॉल में छापे के दौरान व्यापारियों को टीम ने कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया। संयुक्त व्यापार संघ कोषाध्यक्ष पवन मित्तल ने टीम से बात करने का प्रयास किया। सही जवाब न मिलने पर व्यापारियों ने हंगामा किया। इसके बाद बिल्डर कमल ठाकुर के न्यू शंभू नगर आवास पर पहुंचे। कमल ठाकुर से मिलने का प्रयास किया गया। गेट कूदकर अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान दलजीत सिंह, सुधीर रस्तोगी, नीरज त्यागी, अंकित गुप्ता, अंकुर गोयल, ललित गुप्ता अमूल, सतेंद्र अग्रवाल, सुधांशु कंसल, मयंक जैन, धनंजय कालिया, संदीप रेवड़ी, रजनीश कौशल, आलोक रस्तोगी आदि मौजूद रहे।

मैं ठीक हूं, टीम जांच कर रही है
संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता ने बताया कि कमल ठाकुर व्यापार संघ के पदाधिकारी हैं। उनके यहां पर छापा लगने की जानकारी पर व्यापारी मौके पर पहुंचे थे। व्यापारियों ने आयकर विभाग के अधिकारियों से कहा कि कमल ठाकुर से बात करा दीजिए। कमल ठाकुर अपने घर से बाहर आए और करीब दो मिनट बातचीत की। व्यापारियों ने कमल ठाकुर से पूछा कि आयकर विभाग की टीम धमका या दबाव तो नहीं बना रही। जिस पर कमल ठाकुर ने कहा कि मैं ठीक हूं और टीम जांच कर रही है। इसके बाद कमल घर में अंदर चले गए।



 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें