गंगा नगर थाना क्षेत्र के गांव उलदेपुर निवासी एक युवक पिछले दो माह से रिठानी स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। रविवार देर रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक के परिजनों को सोमवार की सुबह जब इस बेटे की मौत की सूचना मिली तो वह उसके ससुराल रिठानी पहुंचे और उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए परतापुर पुलिस को बुला लिया। फिलहाल परतापुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
गंगा नगर थाना क्षेत्र के गांव उदयपुर निवासी चरण सिंह के बेटे रिंकू ने बताया कि उसके भाई महेश उर्फ पिंटू की कुछ साल पहले रिठानी निवासी एक महिला से शादी हुई थी। दो माह पहले उसके भाई महेश उर्फ पिंटू को उसकी पत्नी अपने मायके में ले गई और वहीं पर रहने लगे। महेश का एक प्लॉट रिठानी में ही था। जिसे उसके ससुरालियों ने कुछ दिन पहले छह लाख में बिकवा दिया था।
परिजनों का आरोप है कि इसी पैसे को लेकर उसके ससुराल वालों के साथ महेश का झगड़ा चल रहा था। वह अपने पैसे मांग रहा था,लेकिन वह नहीं दे रहे थे रविवार की रात महेश उर्फ पिंटू की संदिग्ध परिस्थितियों में अपनी ससुराल में ही मौत हो गई। ससुराल वालों का कहना है कि पिंटू ने जहर खाया है। जिस कारण उसकी मौत हुई है। वही महेश के परिजनों का कहना है कि उस की पीट-पीटकर हत्या की गई है।
इस मामले में एसपी क्राइम शिवराम यादव ने बताया कि परतापुर पुलिस ने फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यदि शरीर पर चोट के निशान आते हैं तो हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वहीं रिंकू का यह भी आरोप है कि भाई की मौत की सूचना पर जब वह उसके ससुराल पहुंचे तो उसके ससुरालियों ने उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और भगा दिया। बाद में वह पुलिस लेकर पहुंचे तो शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/