संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। पुलिस ने बृहस्पतिवार व शुक्रवार को आपराधिक मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपियों के लिए अभियान चलाया। पुलिस ने दो दिन में 157 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने डकैती के मामले में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश दिल्ली के शकरपुर निवासी खालिद समेत 157 वारंटी व गैर जमानती वारंट के आरोपी शामिल हैं। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देश पर नगर और देहात क्षेत्र के पुलिस ने यह कार्रवाई की।
एसएसपी ने बताया कि नगर क्षेत्र के 15 थानों ने अभियान के दौरान 59 वारंटी और गैर जमानती वारंट के आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें मेडिकल थाना पुलिस ने सबसे अधिक नौ, कंकरखेड़ा ने आठ, ब्रह्मपुरी और नौचंदी ने छह-छह आरोपियों को पकड़ा। इसके अलावा देहलीगेट, लिसाड़ीगेट, लोहियानगर, परतापुर, टीपीनगर, रेलवे रोड, सदर बाजार, लालकुर्ती, सिविल लाइन, पल्लवपुरम और दौराला थाना पुलिस ने भी कार्रवाई की। देहात क्षेत्र में पुलिस ने 97 वारंटी और गैर जमानती आरोपियों को गिरफ्तार किया। भावनपुर पुलिस ने सबसे अधिक 21 आरोपियों को पकड़ा, जबकि किठौर ने 14, इंचौली में नौ, गंगानगर, सरूरपुर और जानी में आठ-आठ आरोपियों को पकड़ा गया।
एसएसपी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात परतापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी खालिद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर काशी टोल के पास से पकड़ा। खालिद लोहियानगर थाने में दर्ज डकैती के दो मामलों में वांछित था।