- भोलेश्वर मंदिर में हुई कथा में बोले डॉ. रामप्रकाश शास्त्री
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। नई सड़क शास्त्रीनगर स्थित भोलेश्वर शिव मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के छठे दिन कथा व्यास डॉ. रामप्रकाश शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला, गुरु महिमा एवं उद्धव, गोपियों के दिव्य संवाद का भावपूर्ण वर्णन किया।
उन्होंने कहा कि मात्र सात वर्ष की आयु में भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठा उंगली पर गोवर्धन पर्वत धारण कर इंद्र के अभिमान का नाश किया और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा वास्तव में पर्वत, वृक्ष, नदियों एवं गोमाता की पूजा है और भगवान श्रीकृष्ण विश्व के सबसे बड़े पर्यावरणवादी थे।
गोवर्धन पूजा में छप्पन भोग अर्पित किया गया। गोवर्धन लीला और रासलीला के संकीर्तन में श्रद्धालुओं ने नृत्य कर भक्ति रस का आनंद लिया। कथा में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कंस वध और विद्या ग्रहण के लिए उज्जैन जाने के प्रसंग का भी विस्तार से वर्णन किया। डॉ. शास्त्री ने गुरु महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि जब भगवान भी मानव रूप में अवतार लेते हैं तो गुरु धारण करते हैं। बिना गुरु के कल्याण संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि माता प्रथम गुरु, पिता द्वितीय गुरु और आचार्य तृतीय गुरु होते हैं।
उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने संदीपनी ऋषि के आश्रम में रहकर मात्र 64 दिनों में समस्त विद्याओं का अध्ययन किया। उज्जैन नगरी को भारतवर्ष की प्राचीन राजधानी बताते हुए महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग की महिमा का भी वर्णन किया गया।
कथा के दौरान श्रीकृष्ण द्वारा श्री उद्धव जी को वृंदावन भेजने तथा उद्धव एवं गोपियों के अद्भुत संवाद का भी भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा व्यास ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने उद्धव के माध्यम से गोपियों को ज्ञानामृत प्रदान किया। गोपियों के प्रेम और भक्ति से उद्धव जी स्वयं प्रेमामृत से अभिभूत हो गए।
भगवान श्रीकृष्ण के विवाह प्रसंग का भी सुंदर वर्णन किया गया। कथा के समापन दिवस पर भगवान दत्तात्रेय प्रसंग, सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष एवं संपूर्ण श्रीमद्भागवत कथा का सार प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर मुकेश गोयल, अनुज, नितेश, प्रीती, अनुभा, अशोक गोयल, राधा गोयल, राजेन्द्र गोयल, मनीषा गोयल, उमेश रहे।