दौराला। कोयला प्रकरण में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर वार्ड सभासद के पति ओमकार उपाध्याय ने पत्रकार वार्ता कर अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि वीडियो में लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उनकी छवि को धूमिल करने की साजिश रची जा रही है।
ओमकार उपाध्याय ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया गया है, जिसमें उन पर कोयले से लदे ट्रकों के आवागमन के नाम पर पैसे लेने का आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनका कोयला कारोबार या ट्रकों के संचालन से कोई संबंध नहीं है। कहा कि दौलतराम कॉलोनी में भारी वाहनों और कोयले से लदे ट्रकों के आवागमन से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। जनता की मांग पर उन्होंने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया और नगर पंचायत दौराला को ज्ञापन देकर हाइट गेज लगवाने की मांग की। उनके प्रयासों के बाद हाइट गेज लगाया गया, जिससे क्षेत्र में ट्रकों का आवागमन बंद हो गया।
उन्होंने कहा कि यदि उनका उद्देश्य पैसे लेना होता तो वह ट्रकों के आवागमन को रुकवाने के लिए संघर्ष क्यों करते। ओमकार उपाध्याय ने दावा किया कि वायरल वीडियो में जो व्यक्ति उन्हें रुपये देता दिखाई दे रहा है, वह एक ठेकेदार है। ठेकेदार और उसके साथ काम करने वाले मजदूर उनकी किराना एवं डेयरी की दुकान से अक्सर उधार पर सामान लेते रहे हैं। साथ ही ठेकेदार से उनका लेनदेन भी चलता रहता है। वीडियो में दिखाई दे रही रकम उसी उधार के सामान का भुगतान है।