सरधना (मेरठ)। गांव सलावा में विवाहिता की मौत के मामले में मायके पक्ष ने पति समेत चार के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच में जुटी है। बीते मंगलवार को सलावा में आठ माह की गर्भवती कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी मिली थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। विवाहिता के परिजनों ने पति, सास, ससुर समेत चार आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
मुजफ्फरनगर के थाना सिखेड़ा के गांव मोघपुर निवासी मृतका के भाई आशीष पुत्र कालीराम ने तहरीर में बताया कि उसकी 23 वर्षीय बहन जूली की शादी चार साल पहले सलावा गांव निवासी मनीष के साथ हुई थी। आरोपी शादी के बाद से ही जूली को प्रताड़ित कर रहे थे। कई बार जूली ने मारपीट की सूचना फोन पर परिजनों को दी।
बताया कि मंगलवार को करीब शाम 5:00 बजे हाल जानने के लिए कॉल की तो फोन उसके देवर ने उठाया। उन्हें सूचना मिली कि जूली ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शक होने पर उसने पुलिस को हत्या की सूचना दी। बताया कि शव को देखकर लगा कि हत्या से पहले उसके साथ मारपीट की गई है। चेहरे पर चोट के निशान थे।
आरोप है कि आरोपियों ने आठ माह की गर्भवती होने के बाद भी जूली को प्रताड़ित कर मौत के घाट उतार दिया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।