मुंडाली। लूट का पीड़ित आवेश और गुड्डू फोटो संवाद
पहले बाइक से टक्कर मारकर गिराया, फिर की मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडाली। थाना मंडाली क्षेत्र के गांव सिसौली के रास्ते पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने बाइक सवार सराफा को टक्कर मारकर बाइक गिरा दिया। गाली गलौज व मारपीट करते हुए उसका बैग लूट लिया और धमकी देते हुए गांव कमालपुर की ओर भाग गए। पीड़ित ने उनका पीछा भी किया लेकिन वह अंधेरे में ओझल हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गांव सिसौली निवासी आवेश उर्फ गुड्डू ने मुंडाली थाने पर दर्ज प्राथमिकी में बताया कि थाना मेडिकल क्षेत्र के गांव कमालपुर में उसकी सराफा की दुकान है। बृहस्पतिवार शाम वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। मेरठ-गढ़ मार्ग पर गांव सिसौली को जाने वाले रास्ते पर पहुंचा तो पीछे से बाइक पर तीन बदमाश आए और उसकी बाइक में पीछे से टक्कर मारकर उसे गिरा दिया। पीड़ित ने इसका विरोध किया तो बदमाश गाली गलौज व मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए। बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और फायर भी किया। इसके बाद बदमाश उसका बैग छीनकर भाग गए। उसके बैग में दुकान में रखी तिजोरी की चाबी थी। पीड़ित ने कमालपुर गांव तक आराेपियों का पीछा किया। अंधेरा होने के कारण बदमाश आंखों से ओझल हो गए। पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और थाना मुंडाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह व मंडाली थाने से एसओ देवेंद्र मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कांबिंग की परंतु बदमाशों का पता नहीं लगा।
सीओ किठोर प्रमोद कुमार सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बदमाशों का सुराग लगाने के लिए रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमराें की फुटेज को पुलिस द्वारा खंगाला जा रहा है।