अवैध हथियार बनाने वालों की तलाश में दी दबिश
मेरठ। लिसाड़ीगेट में अवैध हथियार बनाने की कई फैक्टरी चल रही हैं, इसका इनपुट बृहस्पतिवार को एसएसपी को मिला है। उसके बाद पुलिस व एसओजी टीम ने लिसाड़ीगेट में कई जगह दबिश दी। हालांकि पुलिस को कोई सुराग नहीं लगा।
जाकिर कॉलोनी पुलिस चौकी के पास राशिद के मकान में पांच साल से चल रही अवैध असलहे बनाने की फैक्टरी बुधवार को एसओजी ने पकड़ी थी। यहां से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर दस पिस्टल और काफी सामान बरामद किया था। पूछताछ में आरोपियों ने पांच साल में विदेशी मार्का लगाकर 4200 पिस्टल 12.60 करोड़ रुपये में बेचना बताया था। बृहस्पतिवार को एसएसपी ने एसओजी और थाना पुलिस को निर्देश दिए कि असलहे बनाने वालों की तलाश करो। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हथियारों की मांग बढ़ रही है। हथियार बनाने और सप्लाई करने वालों की सूची बनाकर गैंगस्टर की कार्रवाई करने की बात भी एसएसपी ने कही।