मेरठ। मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल में शनिवार को न केवल लॉकडाउन का जमकर उल्लंघन हुआ बल्कि सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं नहीं किया गया। मिल के तीन अधिकारियों की विदाई पार्टी में 50 से ज्यादा लोग शामिल हुए। दावत भी उड़ाई जबकि मिल अधिकारियों ने इस आयोजन की बाबत प्रशासन से अनुमति भी नहीं ली।
उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम की मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल के महाप्रबंधक अतुल कुमार गुप्ता जनवरी में सेवानिवृत्त हो गए थे। शासन ने गन्ना पेराई सत्र के चलते इनका कार्यकाल 31 मई तक बढ़ा दिया था। अतिरिक्त कार्यकाल खत्म होने के बाद मिल प्रशासन ने शनिवार को उनकी विदाई धूमधाम से करने के लिए समारोह का आयोजन किया। इनके साथ पिछले वर्ष सेवानिवृत्त हो चुके मिल अभियंता राजीव गुप्ता और लैब इंचार्ज अनिल शुक्ला को भी सम्मानित किया गया। समारोह के लिए मिल प्रशासन ने प्रांगण में 50 से ज्यादा कुर्सियां डलवाईं और सामने कुर्सी मेज डालकर सेवानिवृत्त अधिकारियों को बैठाया। अमर उजाला के हाथ लगी विदाई समारोह की वीडियो में न तो सोशल डिस्टेंस मेंटेन की गई और न ही किसी ने मास्क लगाया। घंटों चले कार्यक्रम के बाद सभी ने मिल में ही तैयार कराए लजीज खाने का आनंद लिया। सवाल उठता है कि जब लॉकडाउन में बिना अनुमति पांच से ज्यादा लोग एकत्र नहीं हो सकते और सोशल डिस्टेंस के पालन के साथ मास्क लगाना अनिवार्य है तो फिर सरकारी मिल प्रशासन ने बिना परमिशन के विदाई समारोह कैसे आयोजित किया।
क्या बोले अधिकारी
मिल प्रशासन ने मेरे विदाई समारोह का आयोजन किया था। इसमें मिल स्टाफ शामिल हुआ। मुझे नहीं मालूम कि इसके लिए जिला प्रशासन से परमिशन ली गई थी या नहीं।-अतुल कुमार गुप्ता, सेवानिवृत्त महाप्रबंधक, मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल
मिल स्टाफ ने महाप्रबंधक रहे अतुल कुमार गुप्ता का विदाई समारोह किया था। इसमें मुख्य लोगों को ही बुलाया था। कुर्सी भी सोशल डिस्टेंस के साथ लगाई गई थीं। कार्यक्रम बड़ा नहीं होने की वजह से परमिशन नहीं ली गई। -शीशपाल सिंह, महाप्रबंधक मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल