ससुरालियों ने की मारपीट, युवक ने दे दी जान
मोदीपुरम। कंकरखेड़ा के मुरलीपुर गुलाब गांव में शनिवार सुबह युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने युवक के ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुरलीपुर गुलाब निवासी इरफान की शादी 10 साल पहले मुजफ्फरनगर जिले के मीरापुर थाना के मीरापुरभूमा खेड़ी निवासी युवती से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। इरफान मजदूरी का परिवार का पालन पोषण करता था। इरफान के भाई फुरकान ने बताया कि काफी दिन से इरफान की पत्नी अपने मायके गई हुई थी। 25 मार्च को इरफान पत्नी को लेने ससुराल गया था। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी पत्नी को साथ भेजने से इनकार कर दिया। उसने काफी कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। इरफान ने विरोध किया तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ गाली गलौज कर मारपीट कर दी। वहां से लौटने के बाद इरफान काफी परेशान था। इसी से परेशान होकर शनिवार सुबह उसने कमरे में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम परिजनों ने शव सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। फुरकान ने ससुराल पक्ष के रियाजुद्दीन, शाहिद, जाहिद, जहीरुद्दीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। संवाद