हस्तिनापुर। कस्बे में बृहस्पतिवार को सात लोग कोरोना मिले। यह जानकारी सीएचसी प्रभारी द्वारा दी गई। इसके चलते कस्बे में कोरोना संक्रमण का कहर बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम की सतर्कता के बावजूद यह थमने का नाम नहीं ले रहा है।
हस्तिनापुर कस्बे एवं आसपास में कोराना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ रही है। कस्बे में कुछ ही दिन में लगभग तीन दर्जन मामले सामने आ चुके हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. अंकुर त्यागी ने बताया कि सीएचसी पर कस्बे के लगभग 333 लोगों के एंटीजन सैंपल लिए गए थे। जिनमें से सात लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से एक व्यक्ति बी ब्लॉक कॉलोनी निवासी है। उसे होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं, छह लोग कस्बे की इंदिरा कॉलोनी निवासी हैं। जिनमें से चार व्यक्ति एक ही परिवार के हैं। वहीं, दो व्यक्ति दूसरे परिवार के हैं। इन सभी लोगों को इलाज के लिए मुलायम सिंह मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। कस्बे में संक्रमित लोगों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग इसे रोकने के लिए दिनरात प्रयास कर रहा है। इसकी चेन तोड़ने के लिए दो दिन का पूर्ण लॉकडाउन भी लागू किया गया। वहीं, पुलिस द्वारा सख्ती से पालन कराया जा रहा है। इसके बावजूद कोरोना की चेन टूटती नजर नहीं आ रही है। जिससे कस्बे के लोग दहशत में हैं।