अब कस्बे और ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को पैथोलॉजी जांच कराने के लिए जिला अस्पताल की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। दरअसल, सरकार सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों) को अपग्रेड करने जा रही है। अपग्रेडेशन के बाद सीएचसी पर करीब 150 तरह की जांचों की मुफ्त सुविधा उपलब्ध होगी। अभी तक ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को थायराइड, लिपिड प्रोफाइल, एचआईवी समेत कई अन्य जांचों के लिए जिला अस्पताल या निजी लैब जाना पड़ता है।
जिले में कुल 12 सीएचसी हैं। इनमें मवाना, दौराला और सरधना सीएचसी पहले से अपग्रेड हैं। जबकि नौ सीएचसी को अपग्रेड किया जाना है। वर्तमान में सीएचसी में पैथोलॉजी जांच के नाम पर हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप, यूरिया, ग्लूकोमीटर की मदद से ब्लड शुगर जैसी कुछ सामान्य जांचें ही हो पाती हैं। सीएचसी अपग्रेड होने से ब्लड की सामान्य जांच केसाथ जटिल जांच भी हो सकेगी। इनमें क्रिटनीन, पोटेशियम, सोडियम, आरएलडी, आरएच फैक्टर, एचआईवी, एसीजी, एलएफटी, आरएफटी, थायराइड और लिपिड प्रोफाइल जांच समेत करीब 150 तरह की जांच हो सकेंगी। इस संबंध में सीएमओ वीपी सिंह ने बताया कि शासन से आदेश आ गए हैं। सरकार ने पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट-पार्टनरशिप) मॉडल के तहत कृष्णा पैथोलॉजी कंपनी से अनुबंध किया है, जो सीएचसी को अपग्रेड करेगी।