बदलते मौसम की मार, सरकारी अस्पतालों में पहुंचे पांच हजार मरीज
वसंत पंचमी से पहले बदलता मौसम लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है। सुबह शाम में ठंड और दिन में तेज धूप से गर्मी का एहसास लोगों को बीमार कर रहा है। इससे अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज और पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय में एक ही दिन में सोमवार को मरीजों की संख्या 4961 पहुंच गई। इनमें मेडिकल में 3385 और जिला अस्पताल में 1576 मरीज आए। इनमें ज्यादातर खांसी, जुकाम, बुखार, नाक-कान-गला रोग (ईएनटी) और आंखों के रोगियों की रही। चिकित्सक लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
दिन में तेज धूप निकलने से मौसम में सर्दी का असर कम हो गया है, जबकि दिन ढलने के बाद मौसम हल्का सर्द बना हुआ है। दिन में चलने वाली तेज और हल्की हवाएं दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ा रही हैं। लोग खांसी-जुकाम और बुखार की चपेट में आ रहे हैं। तेज हवा आंखों और त्वचा को भी नुकसान पहुंचा रही है।
बोले- डॉक्टर, लापरवाही पड़ सकती है भारी
मौसम बदल रहा है। ठंड जा रही है और तापमान बढ़ रहा है। ऐसे में अगर लापरवाही बरतेंगे तो बीमार पड़ सकते हैं। लिहाजा खानपान का ध्यान रखें। मच्छर पनपने लगे हैं, ऐसे में मच्छरों से भी बचाव जरूरी है। - डॉ. तनुराज सिरोही, फिजिशियन
मौसम के बदलाव के इस दौर में जो लोग तुरंत गर्म कपड़ों से पूरी तरह से दूरी बना रहे हैं, ऐसे लोग बीमारी की गिरफ्त में फंस रहे हैं। बदलते मौसम में धीरे-धीरे संतुलन बनाना चाहिए, तभी बीमारियों से बच सकते हैं। - डॉ. वीके बिंद्रा, फिजिशियन