संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। सरधना-बिनौली मार्ग पर खिवाई मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े किए जा रहे लोडर ट्रकों की अवैध पार्किंग लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। फैक्टरी में माल लाने और ले जाने वाले ट्रकों के सड़क पर खड़े रहने से मार्ग की एक लेन अक्सर बाधित रहती है। इससे वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
स्थानीय निवासी मनोज, परवेज, सौरव, बलवीर चौहान, इनाम, रिजवान ने बताया कि खिवाई मोड़ के निकट स्थित एक फैक्टरी में पार्किंग की पूरी तरह से कोई व्यवस्था नहीं है। इस कारण माल लेकर आने वाले लोडर ट्रक घंटों सड़क किनारे खड़े रहते हैं। कई बार ट्रकों की लंबी कतार लगने से सड़क की एक ओर से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। ऐसे में दोनों ओर से आने वाले वाहनों को निकलने में परेशानी होती है और जाम जैसे हालात बन जाते हैं। यह मार्ग सरधना और बिनौली को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इस पर दिनभर भारी और हल्के वाहनों की आवाजाही रहती है।
सड़क पर ट्रकों की अवैध पार्किंग के कारण राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार आमने-सामने से वाहन आने पर दुर्घटना की स्थिति भी बन जाती है। लोगों का आरोप है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है लेकिन जिम्मेदार विभाग और यातायात व्यवस्था से जुड़े अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
क्षेत्राधिकारी सरधना आशुतोष कुमार का कहना कि पुलिस टीम भेजकर सड़क से वाहनों को हटवाया जा रहा है। साथ ही फैक्टरी व ट्रक संचालकों के खिलाफ सड़क पर वाहन पार्किंग करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।