केस दर्ज कराने की धमकी
हरियाणा पुलिस के एक अफसर का वीडियो भी इस मामले में वायरल हुआ है। वह पीएसी के एक जवान से बात करते हैं और केस दर्ज किए जाने की धमकी तक दे रहे हैं। वे अपने एक थानेदार से कहते हैं कि रिपोर्ट दर्ज कराओ, इनके खिलाफ। पीएसी का जवान कहता है कि हमने यूपी की सीमा में अवैध खनन करने वालों को रोका है। बावजूद हरियाणा पुलिस के अफसर कहते हैं कि यहां हमारी सीमा है, क्रशर वाले खनिज सामग्री ले जा रहे हैं।
इस मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली बेहट पुलिस, एसडीएम बेहट दीप्ति देव, सीओ विजयपाल सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने हरियाणा के एसपी कमलदीप गोयल, डीएसपी बिलासपुर आशीष चौधरी, डीएसपी जगाधरी राजेंद्र गुर्जर एवं एसडीएम जगाधरी दर्शन कुमार बिश्नोई से वार्ता की।
हरियाणा के अधिकारियों ने कहा कि जिस क्षेत्र में खनिज से भरे वाहनों को पकड़ा गया है, वह हरियाणा का है। जबकि यूपी के अधिकारियों ने कहा कि अवैध खनन यूपी की सीमा में किया गया। पीएसी के जवानों ने दोनों प्रदेशों के अधिकारियों को वह स्थान भी यमुना नदी में दिखाया, जहां पर अवैध खनन किया गया। काफी देर चली वार्ता के बाद हरियाणा के अधिकारियों ने कहा कि वे यमुना नदी में लगे पिलर नहीं लांघेंगे। इस पर एसडीएम बेहट ने कहा कि यह पिलर हरियाणा की तरफ से लगाए गए हैं। इन पिलर से सीमांकन नहीं हो जाता। वह इन्हें सीमा नहीं मानेंगे। इस संबंध में उच्च अधिकारियों से वार्ता करेंगे। उसके बाद जो भी निर्णय होगा, उसके अनुसार वे कार्रवाई करेंगे।
जिलाधिकारी सहारनपुर द्वारा डीसी यमुनानगर से बात की जाएगी। जिलाधिकारी द्वारा जो भी निर्देश दिए जाएंगे, उसी के अनुसार कार्य होगा। हरियाणा पुलिस द्वारा पीएसी के जवानों को पकड़ने या हिरासत में लेने की कोशिश नहीं की गई, यह केवल अफवाह है।
- दीप्ति देव, एसडीएम बेहट
क्रशर ऑनर्स की तरफ से शिकायत मिली थी कि यूपी पुलिस हरियाणा की सीमा में आकर खनिज से भरे वाहनों को रोक रही है। हमारे अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने यूपी के जवानों को हिरासत में नहीं लिया है। केवल इतना पूछा था कि वे किन परिस्थितियों में उनकी सीमा में आए। सीमा विवाद को खत्म करने के लिए पुन: सीमांकन की जरूरत है।
- कमलदीप गोयल, एसपी हरियाणा
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/