नोटिस देकर की जा रही कार्यवाही पूरी, प्रशासनिक अधिकारियों से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे की मखदूमपुर कॉलोनी में पिछले दिनों किया गया अवैध निर्माण चर्चा का विषय बना रहा। करीब दस दिन निर्माण कार्य बंद रहने के बाद फिर से चहारदीवारी के अंदर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। कॉलोनी के लोगों ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को बंद कराने की बात कहते हुए प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की।
कॉलोनी निवासी सुशील कुमार ने बताया कि कस्बे के मुख्य मार्ग पर करोड़ों रुपये की सरकारी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों से सेटिंग कर अवैध निर्माण किया गया था। मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा तो करीब 10 दिन पूर्व निर्माण कार्य को बंद करवा दिया गया था लेकिन तब तक करोड़ों रुपये की भूमि पर अवैध निर्माण का कार्य पूरा हो चुका था। बृहस्पतिवार को चहारदीवारी के अंदर फिर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
शिकायतकर्ता सुशील कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य चहारदीवारी के अंदर करने की जानकारी मिलते ही कॉलोनी के करीब दो दर्जन महिलाएं और पुरुष मौके पर पहुंचे और वहां पर मौजूद लोगों से निर्माण कार्य रोकने के लिए कहा परंतु उक्त लोगों ने उनकी एक नहीं सुनी।
इस मामले में मंदिर कमेटी के पदाधिकारी नरेश ठाकुर ने कहा कि उक्त लोगों ने कॉलोनी के मंदिर की करोड़ों रुपये की जमीन को अवैध रूप से कब्जा लिया है और प्रशासनिक अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे। इस मामले में उन्होंने तीन दिन पूर्व जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर अवैध निर्माण को हटाने की मांग की है।
नोटिस के बाद नहीं हटाया गया अवैध निर्माण
अवैध निर्माण की शिकायत पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी की ओर से उक्त लोगों के खिलाफ नोटिस जारी किया गया था जिसमें कहा गया था कि अवैध निर्माण कार्य को स्वयं हटा लिया जाए। इसके बावजूद इन लोगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि निर्माण हटाने की जगह निर्माण शुरू कर दिया।
अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए दूसरा नोटिस जारी
उक्त लोगों के खिलाफ बृहस्पतिवार को अतिक्रमण हटाने को लेकर दूसरा नोटिस जारी किया गया है। अगर यह अतिक्रमण नहीं हटाया जाता तो नगर पंचायत द्वारा जल्द ही हटवाने की कार्रवाई की जाएगी। -राजीव कुमार, ईओ, नगर पंचायत