झिंझाना रोड पर अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कराती प्राधिकरण की टीम। सौजन्य- मुजफ्फरनगर विकास प्राधिक
शामली। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण ने दूसरे दिन भी अवैध कॉलोनियों का ध्वस्तीकरण कराया। पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल समेत दो की करीब 26 बीघा कॉलोनी को ध्वस्त कराया गया। हालांकि, पूर्व विधायक ने अपनी कॉलोनी होने से इनकार किया। कहा कि प्रेस नोट में प्राधिकरण ने उनका नाम गलत लिखा है।
अधिशासी अभियंता विनीत अग्रवाल और जेई राजीव कोहली ने बताया कि दो दिन से प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कविता मीना के निर्देश पर शामली में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया है। बुधवार को शहर के बरखंडी रोड पर चंद्रवीर वर्मा, सुधीर मलिक की 16 बीघा और पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल, प्रशांत, समीम अहमद की झिंझाना रोड पर अपना घर आश्रम के पास 10 बीघा में अनधिकृत रूप से अवैध प्लाटिंग के निर्माण को ध्वस्त कराया गया।
उक्त अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध प्राधिकरण द्वारा पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे। जिसमें चालानी कार्रवाई के उपरांत पूर्व में ध्वस्तीकरण के आदेश दिए गए थे, परंतु अवैध प्लॉटिंग के भू-स्वामियों द्वारा स्थल से अवैध प्लॉटिंग को नहीं हटाया गया। दोनों स्थानों पर करीब 26 बीघा भूमि में अवैध रूप से कॉलोनी विकसित होती मिली, जिसे ध्वस्त कराया गया। कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल का कहना है कि उनकी झिंझाना रोड पर कोई जमीन नहीं है। प्राधिकरण ने उनका नाम गलत दिया है, इस बारे में प्राधिकरण के अधिकारियों से बात की जाएगी।
- 20 से अधिक कॉलोनी रडार पर
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि शहर के विभिन्न स्थानों पर 20 से अधिक कॉलोनियां विभाग के रडार पर हैं। सूचना मिल रही है कि अवैध रूप से कॉलोनियां शहर में विकसित की जा रहीं हैं। बार-बार नोटिस देने के बावजूद भू माफिया नहीं मान रहे हैं। बताया कि बृहस्पतिवार को भी अभियान चलाया जाएगा।