नोट-अलीगढ़ के ध्यानार्थ
-
- तस्कर अलीगढ़ से अधबनी पिस्टल लाते थे, 50 हजार में बेचते थे
- सोशल मीडिया के माध्यम से हथियार खरीदने वालों से करते थे संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लिसाड़ी गेट पुलिस व स्वाट टीम ने हाजी राशिद कॉलोनी में शनिवार को एक मकान पर छापा मारकर अवैध शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से छह आरोपियों मोहम्मद साजिद उर्फ लीलू, रिजवान, राशिद, साजिद, कोमल कुमार और सजाउद्दीन को गिरफ्तार किया। पुलिस को मौके से तैयार व अधबनी पिस्टल, हथियार बनाने के उपकरण तथा एक कार बरामद हुई। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों के नेटवर्क और खरीदारों की जानकारी जुटा रही है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि लिसाड़ी गेट में तस्कर सजाउद्दीन के मकान में अवैध हथियार बनाकर बेचने का काम चल रहा है। शनिवार को पुलिस ने मकान की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने सभी को पकड़ लिया। पुलिस आरोपियों को लेकर थाने आ गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह अलीगढ़ से अधबने हथियार लाते थे। अधबने हथियार को तैयार किया जाता था।
तस्कर सोशल मीडिया के माध्यम से हथियार खरीदने वालों से संपर्क करते थे। तस्कर मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत समेत आसपास के जिलों में भी हथियारों की तस्करी करते थे। पुलिस आरोपियों के मोबाइल को कब्जे में लेकर हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वालों की जांच कर रही है। तस्कर पिस्टल 50 हजार व तमंचा 15 हजार में बेचते थे।
एसपी के अनुसार, पुलिस ने मौके से तीन तैयार पिस्टल, 44 अधबनी पिस्टल, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, डाई, मैगजीन के पार्ट्स, स्प्रिंग, रेती, ब्लेड, रेगमाल, स्क्रू, प्लास, पेचकश और अन्य उपकरण बरामद किए। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।-