मेरठ के एसएसपी राजेश पांडे के मुताबिक डॉक्टरों का कहना है कि छात्र अब खतरे से बाहर है।
- फोटो : file photo
घटना मेरठ के गंगानगर की है जहां सोमवार देर रात आईआईटी दिल्ली के एक छात्र को चाकू घोंप दिया। इस वारदात को अंजाम देकर आरोपी बाइक पर फरार हो गए। मामला प्रोपर्टी विवाद का बताया जा रहा है।
गंगानगर डिवाइडर रोड पर सोमवार रात बदमाशों ने आईआईटी दिल्ली में पढ़ने वाले एक छात्र के पेट में चाकू घोंप डाला। जिसके बाद बाइक लेकर फरार हो गए। परिजनों ने रंजिश के चलते एक रिश्तेदार पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। वहीं छात्र को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।
ऑटो से उतरकर पैदल घर जा रहा था छात्र
पुलिस के अनुसार गंगानगर जेजी ब्लॉक में प्रॉपर्टी डीलर जितेंद्र पंवार परिवार सहित रहते हैं। जितेंद्र ने बताया कि उनका 25 वर्षीय बेटा विकास पंवार आईआईटी दिल्ली में एमएससी द्वितीय वर्ष का छात्र है। विकास की दो दिन से तबियत खराब थी। जिसके चलते वह रात करीब दस बजे गंगानगर स्थित घर आ रहा था।
विकास ऑटो से डिवाइडर रोड एयरटेल ऑफिस के पास उतर गया और आइसक्रीम खरीदकर पैदल ही घर जा रहा था । तभी पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और विकास के पेट में चाकू घोंप दिया।
आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची गंगानगर पुलिस ने घायल विकास को दिव्य ज्योति हॉस्पिटल में भर्ती कराया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनका एक रिश्तेदार से उनका विवाद चल रहा है। जिसके चलते उनका रिश्तेदार जेल भी जा चुका है। उसी ने घटना को अंजाम दिया है।
हालांकि परिजनों ने तहरीर नहीं दी। गंगानगर इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी। मेरठ के एसएसपी राजेश पांडे के मुताबिक डॉक्टरों का कहना है कि छात्र अब खतरे से बाहर है। इस मामले पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।