- तीन दिन से घर छोड़कर खेत में रह रहा था
- सुसाइड नोट छोड़ कर आत्महत्या की
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। मटौर गांव निवासी आईएचएम के छात्र कृष उर्फ कृष्णा चौहान (19) का शव उसी के खेत में सोमवार सुबह लगभग 10 बजे पड़ा मिला। ग्रामीणों ने छात्र का शव पड़ा देखा। उसने जहर खाकर जान दी है। छात्र के मुंह से झाग निकले रहे थे। सुसाइड नोट भी छोड़ा है। छात्र पिछले तीन दिनों से घर छोड़कर खेत पर रह रहा था। सूचना मिलने पर दौराला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पुलिस ने शव पंचनामा भरकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मटौर गांव निवासी नीरज चौहान ने बताया कि उनका बेटा कृष उर्फ कृष्णा चौहान आईएचएम का छात्र था। परिजनों के अनुसार छात्र पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रहा था। तीन दिन पहले वह घर से चला गया था और खेत पर ही रह रहा था। सोमवार को उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। छात्र के पिता खेती करते हैं। मां मुन्नी देवी गृहिणी हैं। बड़ी बहन खुशी गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में स्टाफ नर्स हैं, जबकि छोटी बहन खूबी पढ़ाई कर रही है। बेटे की मौत से परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने इंकार कर दिया। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया है और न ही कार्रवाई चाहते थे।
-सभी दोस्त आ जाएं तब अंतिम संस्कार करना
कृष के पास से सुसाइड नोट मिला। सुसाइड नोट में छात्र ने लिखा उसकी आत्महत्या में किसी का हाथ नहीं है। वह खुद आत्महत्या कर रहा है। उसका अंतिम संस्कार तब किया जाए जब उसके सारे दोस्त आ जाएं। परिजनों ने उसकी ये अंतिम इच्छा पूरी की। उन्होंने सभी दोस्तों के आ जाने पर अंतिम संस्कार किया।