घटना के बाद एक दुकान में लगे सीसीटीवी की जानकारी देता युवक।
- फोटो : अमर उजाला
मंडी गंज बाजार में बदमाशों ने रविवार दिनदहाडे़ आईजी पीएसी मुरादाबाद के रिश्तेदार की दुकान में घुसकर लूटपाट कर ली। दुकानदार को गन प्वाइंट पर लेकर बदमाश एक लाख रुपये से ज्यादा कैश लूटकर फरार हो गए। बाइक सवार बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए।
सरधना के मोहल्ला गांधीनगर निवासी दीपक बंसल की गंज बाजार पुरानी मंडी में खल चूरी की थोक की दुकान हैं। दोपहर करीब पौने दो बजे दीपक और उनका नौकर मोनू निवासी आदर्श नगर दुकान पर बैठे थे। इसी बीच डिस्कवर बाइक से तीन बदमाश दुकान पर पहुंचे। एक बदमाश बाइक स्टार्ट करके खड़ा रहा और दो बदमाश दुकान में अंदर घुसे। दोनो बदमाशों ने दीपक व मोनू पर पिस्टल तानते हुए कैश मांगा। इस बीच एक बदमाश ने दीपक की कनपटी से पिस्टल सटा दी। जिस पर दीपक ने गल्ले से कैश निकालकर बदमाशों को दे दिया। बड़ी आसानी से वारदात को अंजाम देकर बदमाश बाहर निकले। और बाइक से आदर्श नगर छबड़िया मोड के रास्ते से होते फरार हो गए।
दिनदहाडे हुई लूट की सूचना पर सैकड़ों व्यापारी वहां जमा हो गए। संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजू त्यागी, ललित गुप्ता, भाजपा के नगर महामंत्री अरिहंत जैन मौके पर पहुंचे और घटना पर रोष जताया। उधर, इंस्पेक्टर राजेश वर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए बदमाश
आदर्श नगर रोड पर दो दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में बाइक पर जाते तीनों बदमाश कैद हो गये। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। दीपक बंसल ने बताया कि उनके मामा सुनील कुमार गुप्ता मुरादाबाद पीएसी में आईजी हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जायेगा।
बदमाशों ने की रैकी
रविवार को साप्ताहिक पैंठ के बावजूद बदमाशों ने फरार होने के लिए बिनौली बस स्टैंड के बजाय आदर्श नगर का रास्ता चुना। जिससे साफ है कि बदमाशों ने वारदात से पहले रैकी की थी। सीसीटीवी कैमरे में कैद न हो जाएं, उसके लिये कपडे़ से मुंह ढका हुआ था। फुटेज में बाइक का नंबर स्पष्ट नहीं दिख रहा है। दिनदहाडे़ हुई इस लूट की घटना से व्यापारी भयभीत हैं। जल्द खुलासा नहीं होने पर व्यापारियों ने बाजार बंद का भी एलान किया है।