मेरठ। पीएसी पश्चिमी जोन मुरादाबाद के आईजी अमित चंद्रा ने कोरोना संक्रमण के मद्देनजर शनिवार को छठी वाहिनी पीएसी (आरआरएफ) रुड़की रोड का दौरा किया। उन्होंने कोरोना से बचाव के लिए व्यवस्था देखी।
वाहिनी के कमांडेंट मनोज सोनकर ने कोरोना ड्रिल के संबंध में आईजी को जानकारी दी। इस पर आईजी ने कमांडेंट से कहा कि वह ड्यूटी पर तैनात सभी जवानों को गमछा मुहैया कराएं। मुख्य गेट पर सभी सुरक्षा उपकरणों के साथ ड्यूटी बढ़ाएं। आईजी ने जानकारी दी कि कोरोना संक्रमण के मद्देनजर जवानों की ड्यूटी घंटे 12 से घटाकर 8 कर दी है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के चलते जवानों पर मानसिक दबाव ज्यादा है। इसलिए उन्हें रोज योगाभ्यास कराएं। आईजी ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। पीएसी बहुत मजबूत बल है, यहां जवान हर चुनौती के लिए तैयार रहते हैं। मुजफ्फरनगर के हालात सुधरने पर छठी वाहिनी पीएसी की डी कंपनी को वापस बुलाकर मेरठ में तैनात कर दिया है। पूरी एच-कंपनी पहले से क्वारंटीन है। छठी वाहिनी पीएसी में अब तक 18 जवान कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। एच कंपनी के 70 जवान और ट्रेनिंग कर रहे 80 रिक्रूट 8 दिन से क्वारंटीन हैं। इसे देखते हुए मुजफ्फरनगर में तैनात डी कंपनी को वापस बुला लिया है। शनिवार को डी कंपनी मेरठ में तैनात कर दी है। एच कंपनी के 25 जवानों का दोबारा सैंपल और 30 जवानों का पहला कोरोना सैंपल रविवार को लिया जाएगा।