जिला अस्पताल में डायलिसिस मशीन ।संवाद
- फोटो : परिजन
शामली। जिला संयुक्त चिकित्सालय में गुर्दे की बीमारी के पीड़ित मरीजों के लिए साढ़े तीन साल से डायलिसिस यूनिट चल रही है। यूनिट में मरीजों की निशुल्क डायलिसिस की जाती है। इसके लिए मरीजाें को अपने नंबर का इंतजार करना पड़ता है।
गांव मुंडेट के निकट पूर्वी यमुना नहर पटरी के किनारे स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय में नवंबर 2021 में पीपीपी मोड के तहत डायलिसिस यूनिट चालू की गई थी। शुरूआत में यूनिट में दो मशीनें लगाई गईं थीं। उस समय कंपनी के अधिकारियों का कहना था कि मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही मशीनों की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिसमें अधिकतम दस मशीनों तक लगाने की बात कही गई थी।
इस समय यूनिट में चार मशीनों पर मरीजों की डायलिसिस की जा रही है। इनमें तीन मशीनों पर सामान्य यानि हेपेटाइटिस निगेटिव वाले मरीजों की डायलिसिस होती है जबकि एक मशीन पर हेपेटाइटिस से पीड़ित मरीजों की डायलिसिस की जाती है।
वर्तमान में 34 मरीजों की डायलिसिस की जा रही है। इनमें 11 मरीज हेपेटाइटिस पॉजिटिव है और 23 मरीज सामान्य है। मशीनें कम होने के कारण मरीजों को डायलिसिस के लिए इंतजार करना पड़ता है। यूनिट की तरफ से उन्हें तिथि और समय दिया जाता है। तय समय व तिथि पर मरीजों को पहुंचकर डायलिसिस करानी पड़ती है।