धीर खेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने एक्सईएन के समक्ष प्रदर्शन कर दी चेतावनी
-अघोषित कटौती और बार-बार ट्रिंपिंग पर फूटा गुस्सा
अधिकारियों के सामने हनुमान चालीसा का किया पाठ
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। धीर खेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था बदहाल होने पर शनिवार को इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन से जुड़े उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र बिजलीघर पर एक्सईएन हापुड़ के सामने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अद्योषित बिजली कटौती और बार बार ट्रिपिंग से फैक्टरी चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि व्यवस्था को जल्द नहीं सुधारा गया तो उद्यमी अपनी अपनी इकाई बंद कर फैक्टरी की चाबियां विद्युत विभाग के अधिकारियों को सौंप देंगे। उद्यमियों ने मौके पर हनुमान चालीसा पाठ किया
उद्यमियों ने बताया कि धीर खेड़ा उद्योग क्षेत्र में करीब 400 औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं, लेकिन विद्युत निगम की उदासीनता व लापरवाही के चलते विद्युत आपूर्ति की स्थिति दयनीय है। क्षेत्र में कई इकाइयां बंद होने के कगार पर हैं। अघोषित बिजली कटौती के साथ-साथ दिन में 10 से 20 बार आपूर्ति ट्रिपिंग की जाती है। जिससे इकाइयों का उत्पादन बुरी तरह प्रभावित होता है। शिकायत के समाधान के लिए विभाग के चक्कर लगाने पड़ते हैं। कई मामलों में उपभोक्ताओं को कानूनी मामलों में फंसाया जाता है।
उपखंड अधिकारी हिमांशु सचान को समस्याओं से कई बार अवगत कराया जा चुका है लेकिन समाधान नहीं हुआ। जिससे व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। इसी को लेकर करीब 50 व्यापारियों ने पहले अधिशासी अभियंता व विद्युत उपखंड अधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं रखी, लेकिन कार्रवाई संतोष पूर्ण होने पर बाद में व्यापारियों ने धीर खेड़ा विद्युत उपकेंद्र पर ही धरना प्रदर्शन किया तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की भी मांग की। इस दौरान व्यापारियों ने अधिकारियों के सामने हनुमान चालीसा का भी पाठ किया इस मौके पर चैप्टर चेयरमैन आईआईए पवन शर्मा, मंडलीय सचिव शतांशु सिंघल, राष्ट्रीय सचिव विजय शंकर शर्मा, लवलीन गुप्ता, सौरभ अग्रवाल, सोनू चुग, राजेंद्र गुप्ता, वैभव गुप्ता, मुदित बंसल व सर्वेंद्र रस्तोगी सहित कई लोग मौजूद रहे।