संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। अयोध्या के लिए लड़ाई लड़नी पड़ी, अब कृष्ण जन्मभूमि के लिए लड़ना पड़ रहा है। भारत हिंदू राष्ट्र होगा तो सनातनियों को सड़कों पर नहीं उतरना पड़ेगा। बुधवार को हरिद्वार से गंगाजल लेकर पदयात्रा करते हुए कृष्णभूमि जा रही गायिका कवि सिंह ने दौराला पहुंचने पर यह बातें कहीं।
गायिका कवि सिंह के दौराला व टोल प्लाजा पर पहुंचने पर मनिंदर विहान, धीरेंद्र, पुरुषोत्तम उपाध्याय, विकास, संजीव अग्रवाल, प्रदीप गर्ग, मुकेश आदि के नेतृत्व में स्वागत किया गया। कवि सिंह ने कहा कि हिंदू राष्ट्र जरूरी है। सभी सनातनियों को एक होना पड़ेगा। भारत यदि हिंदू राष्ट्र बनेगा तो सनातनियों को सड़क पर नहीं उतरना पड़ेगा, न ही आंदोलन करना पड़ेगा। कहा कि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की यह कोई नई मांग नहीं है। जिस आधार को रखकर भारत से पाकिस्तान अलग किया गया, हम वह आधार मांग रहे हैं। हिंदू राष्ट्र होगा तो गाय को गोमाता का दर्जा दिया जाएगा। हिंदी राष्ट्र भाषा होगी तो अलग-अलग राज्य में हिंदी बोलने पर मारपीट नहीं होगी। सभी तीर्थ स्थल मुक्त किए जाएंगे। इस दौरान शिवम, डॉ. रामबीर, सुनील, संजय, मुकेश, मंगूमल, सुमित, शिव कुमार, अरुण, लोकेश, राकेश, टिंकू आदि मौजूद रहे।