हिंदी में फेल भी हो गए तो हो सकते हैं पास
मेरठ। अब अगर हिंदी के पेपर में अनुपस्थित रहे या फेल हो गए तो भी हाईस्कूल या इंटरमीडिएट में पास हो सकते हैं। हाईस्कूल में बाकी पांचों विषयों में पास होना होगा। इसी तरह इंटरमीडिएट में कंपार्टमेंट दे सकते हैं। जबकि पहले हिंदी विषय में अनुपस्थित रहने या फेल होने पर बाकी विषयों में पास होने के बावजूद फेल ही माना जाता था। मगर अब यह बदलाव कर दिया गया है।
यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में सम्मिलित होने जा रहे अभ्यर्थियों को पहली बार कम्पार्टमेंट की सुविधा मिलेगी। जो छात्र एक विषय में फेल हो जाएंगे उन्हें एक और मौका मिलेगा। जुलाई में कंपार्टमेंट परीक्षा कराई जाएगी, जिसमें वह एक फेल विषय की दोबारा परीक्षा दे सकेंगे। पास होने पर उन्हें पास का प्रमाणपत्र मिलेगा। दो विषय में फेल अभ्यर्थी फेल माने जाएंगे। हालांकि उन्हें कंपार्टमेंट की सुविधा मिलेगी। फेल दो में से किसी एक विषय में वह कंपार्टमेंट परीक्षा दे सकेंगे और पास होने पर पास का प्रमाणपत्र मिलेगा। हाईस्कूल के छह में से पांच विषयों में पास होने पर पास माना जाएगा। हालांकि छात्र यदि चाहे तो फेल विषय के लिए इंप्र्रूवमेंट परीक्षा देकर नंबर में सुधार कर सकता है।