शाही ईदगाह के बाहर तमाम राजनैतिक और गैर राजनैतिक दलों के नेताओं ने कैंप लगाकर नमाजियों को गले मिलकर ईद की बधाई दी।
कांग्रेस के कैंप में डॉ. यूसुफ कुरैशी, महानगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा, सरदार मनजीत सिंह कोछड़, हरिकिशन, मुल्ला अशरफ, चौ. सरताज गाजी, सलीम अहमद ने नमाजियों से गले मिलकर ईद की बधाई दी। बहुजन समाज पार्टी के योगेश वर्मा, जिलाध्यक्ष मोहित कुमार, महानगर अध्यक्ष कमल सिंह, शाहजहां सैफी, चतर सिंह ने बधाई दी।
वहीं, समाजवादी पार्टी के कैंप पर एमएलसी डॉ. सरोजिनी अग्रवाल, शहर विधायक हाजी रफीक अंसारी, जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष अब्दुल अलीम अलवी, पूर्व विधायक गुलाम मोहम्मद, हाजी इसरार, सलीम भारती, अब्बास, चैतन्य देव स्वामी, पार्षद शाहिद अब्बासी, अफजाल सैफी ने बधाई दी। ऑल इंडिया जमाते सलमानी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मौ. यूसुफ सलमानी सहित ऑल इंडिया मजलिसे इत्तेहाद मुस्लिमीन, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, संयुक्त व्यापार मंडल, आम आदमी पार्टी, जमाते इस्लामी, सैफी वेलफेयर एसोसियेशन के प्रदेश महामंत्री मौ. सलीम सैफी, उर्दू टीचर्स वेलफेयर एसो. के प्रांतीय संयोजक मौ. साबिर खान, अलवी एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष हाजी ताज मोहम्मद अलवी, दिनेश तलवार, हसीन अहमद सैफी, पूर्व पार्षद हाजी इकबाल अंसारी, कुंवर जहीर अहमद, अकरम सैफी आदि ने गले मिलकर ईद की बधाई दी।
ईद मिलने पहुंचे डीएम, एसएसपी
जिलाधिकारी समीर वर्मा और एसएसपी जे. रविंदर गौड भी शाही ईदगाह पर मुस्लिम भाईयों से ईद मिलने पहुंचे। सभी राजनीतिक दलों के कैंपों पर भी गए। सभी से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
मनसबिया में शिया समुदाय ने पढ़ी नमाज
बड़ी मनसबिया ईदगाह रेलवे रोड पर शिया समुदाय ने भी ईदुल फितर की नमाज पढ़ी। शिया आलिम मौलाना मेहजर आब्दी ने ईद की नमाज अदा कराई। नमाज से पहले उन्होंने कहा कि इस मौके पर गरीबों की ज्यादा से ज्यादा आर्थिक मदद करनी और नमाज का पाबंद होना चाहिए। उन्होंने इल्म पर भी रोशनी डालते हुए कहा कि बिना शिक्षा के तरक्की संभव नहीं है। नमाज में बड़ी संख्या में शिया समुदाय के लोगों ने शिरकत की।
काली पट्टी में भी कुछ नमाजी
शाही ईदगाह पर युवा सेवा समिति के कुछ समर्थक काली पट्टी बांधकर ईद की नमाज में शामिल हुए। इस दौरान समिति के अध्यक्ष बदर अली ने बताया कि हरियाणा में ट्रेन में सवार मुस्लिम युवक की हत्या की घटना पर समिति के सदस्यों ने काली पट्टी बांधकर गम एवं गुस्से का इजहार किया।
मौसम ने दिया साथ
साफ मौसम के बीच शाही ईदगाह पर नमाज पढ़ने के लिए महानगर के विभिन्न मुस्लिम बाहुल्य इलाकों से जनसमूह तड़के से से ही आना शुरू हो गया था। सुबह सात बजे तक ईदगाह परिसर पूरी तरह भर गया और लोगों ने बाहर मुख्य दिल्ली मार्ग एवं आसपास के मार्गों पर नमाज के लिये सफे बिछा दीं। कुछ ही देर में ईदगाह के बाहर सारे मार्ग नमाजियों से भर गए। हर तरफ नमाजियों का सैलाब नजर आ रहा था। शहर काजी की इमामत में लाखों मुसलमानों ने ईद की नमाज पढ़ अल्लाह का शुक्रिया अदा किया।