दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक युवक ने पत्नी को तलाक दे दिया। वहीं, विवाहिता ने ससुर और जेठ पर दुष्कर्म की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता सोमवार को एसएसपी ऑफिस पहुंची और आपबीती सुनाकर फूट-फूटकर रोई। इस पर एसएसपी ने महिला थाने के एसओ को जांच करके कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पढ़ें : लोकसभा में पारित बिल का मुस्लिम महिलाओं ने किया विरोध, PM मोदी की सद्बुद्धि के लिए मांगी दुआएं
इंचौली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला का निकाह दो साल पहले लावड़ निवासी युवक से हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि उसके पिता ने शादी में बीस लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद ससुराल वाले दहेज की मांग करने लगे। पांच लाख रुपये और कार की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने मारपीट करके घर से निकालने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि उसका पति शारीरिक और मानसिक शोषण करता है। इतना ही नहीं उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। शादी के तीन माह बाद ससुर ने एक रात उससे दुष्कर्म की कोशिश की तथा विरोध करने पर मारपीट की गई। अब छह माह पहले उसके जेठ ने कमरे में घुसकर दुष्कर्म की कोशिश की। उसने इस बाबत पति को जानकारी दी। इस पर उसे धमकी दी कि यदि शिकायत की तो हत्या करके शव नहर में फेंक देंगे। इस पर वह थाने पहुंची तो वहां समझौता करा दिया। सुसराल वालों ने आश्वासन दिया था कि भविष्य में कुछ भी ऐसा नहीं होगा। महिला का आरोप है कि बीती 29 दिसंबर को उसके पति ने बताया कि उसे तलाक दे दिया है। ससुराल वालों ने कागजों पर जबरन हस्ताक्षर करा लिये।
पीड़िता से जानकारी पाकर मायके पक्ष के लोग पहुंचे और महिला को ले गए। फोन पर पति और अन्य ससुराल वालों ने कहा कि यदि दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो घर में घुसने नहीं देंगे। महिला ने पति पर तलाक देने एवं घर से निकालने का आरोप लगाया है। वहीं, एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच करके कार्रवाई करेगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/