एक महिला की उसके पति ने परिजनों के साथ मिलकर गला रेतने के बाद लोहे की रॉड व कूकर से हमला उसकी हत्या कर दी। शव को घर के आंगन में रखकर बाहर से ताला लगाकर परिवार के सभी लोग फरार हो गए। मोहल्ले के लोगों ने महिला के घरवालों और पुलिस को वारदात की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना यूपी में बिजनौर जिले के नगीना क्षेत्र की है।
वहीं महिला के पिता ने उसके पति सहित परिवार के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश शुरू कर दी है। लोगों ने पुलिस को बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। विवाद के कारण ही पत्नी की हत्या की गई है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है।
स्योहारा के मोहल्ला तकिया सराया निवासी जसराम की 36 साल की बेटी बबीता की शादी दस साल पहले नगीना के मोहल्ला कस्बा निवासी महेंद्र सिंह के साथ हुई थी। बबीता के एक बेटा है। बबीता व उसके पति में बुधवार की रात किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि महेंद्र ने अपनी मां मिथलेश, बहनोई विनोद व बहन गुड्डों के साथ मिलकर बबीता का धारदार हथियार से गला रेतने के बाद उसके मुंह पर लोहे की रॉड व कुकर से हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। अचेत अवस्था में बबीता को उपचार के लिए महेंद्र और उसका परिवार उसे सीएचसी नगीना लाया गया, वहां के डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय बबीता ने दम तोड़ दिया। मृतका का पति व अन्य परिजन शव को लेकर वापस घर पहुंचे। शव को घर के आंगन में छोड़ कर फरार बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए। मोहल्लेवालों को जानकारी होने पर उन्होंने शीघ्र ही नगीना पुलिस और बबीता के घरवालों को घटना के बारे में बताया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।