आबूलेन पर खरीदारी करने पहुंची ब्रह्मपुरी निवासी महिला ने अपने पति को महिला मित्र के साथ रेस्टोरेंट में जाते हुए देख लिया। जिसके बाद पत्नी रेस्टोरेंट पहुंच गई। पत्नी ने विरोध जताया तो पति ने उसकी पिटाई कर दी। महिला ने पति व उसके दोस्त के खिलाफ सदर बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
ब्रह्मपुरी निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी ग्राम टीकरी जानी निवासी व्यक्ति के साथ हुई थी। वह अपने मायके आई हुई थी। शुक्रवार शाम वह आबूलेन पर सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान उसने देखा कि उसका पति एक महिला के साथ एक रेस्टोरेंट में जा रहा था। वह वहां पहुंची तो पति घबरा गया। उसने महिला के बारे में पूछा तो वह गाली गलौज करने लगा और अपने एक दोस्त को वहां भी बुला लिया। महिला ने बताया कि पति औरउसके दोस्त ने रेस्टोरेंट में ही उसे बुरी तरह पीटा। शोर मचाने पर पति, दोस्त व महिला मौके से भाग गए। महिला ने परिजनों को घटना की जानकारी दी तो वह भी आबूलेन पहुंच गए। महिला की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि जांच की जा रही है।