पुलिस ने पति समेत तीन ससुराल वालों पर दर्ज की प्राथमिकी
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति पर दूसरी शादी करने, गर्भपात कराने और मारपीट का आरोप लगाया है। महिला ने पति के पिता, भाई और चाचा पर भी तमंचे की बट से हमले का आरोप लगाया है। पीड़िता का यह भी कहना है कि आरोपी पति ने शादी से पहले भी यौन शोषण किया था। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला का कहना है कि उसकी मुलाकात 12 साल पहले आरोपी युवक से हुई थी। युवक ने उसे शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया था। इसके बाद उसने पीड़िता से शादी कर ली। महिला का आरोप है कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है। पीड़िता के गर्भवती होने पर आरोपी ने दवाइयां देकर उसका गर्भ गिरा दिया। आरोप है कि आठ मई 2026 को दोपहर करीब तीन बजे पीड़िता दवा लेकर अपने घर जा रहा थी। इसी दौरान रास्ते में उसके पति, उसके पिता, उसके भाई और चाचा ने उसका पीछा किया। आरोपी ने पीड़िता को रोककर बुरी तरह पीटा और तमंचे की बट से हमला किया।
इस संबंध में जांच अधिकारी नौचंदी थाना प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि महिला का पहले पति से तलाक हो गया था। इसके बाद आरोपी युवक से पहचान हुई और युवक से उसने शादी की लेकिन वह युवक के घर नहीं रहती थी। उस समय युवक की आयु महिला से काफी कम थी। अब युवक के दूसरी महिला से शादी के बाद दो बच्चे भी हो चुके हैं। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।
-