- आरोपी बेटियों को बेचने की दे रहा धमकी, मां ने एसएससी से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति पर शराब के नशे में मारपीट करने, नाबालिग बेटी की जबरन शादी कराने का दबाव बनाने और तीनों बेटियों को बेचने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति से शिकायत कर आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच का निर्देश दिया।
महिला ने शनिवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायती पत्र देते हुए बताया कि वह परतापुर के एक गांव की रहने वाली है। उसकी शादी 18 वर्ष पूर्व लिसाड़ी गेट के आरोपी युवक से हुई थी। उनके तीन बेटी हुई। आरोप है कि पति 17 वर्षीय बड़ी बेटी की शादी एक युवक से जबरन कराना चाहता है। उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसकी पिटाई की। चोट लगने से वह घायल हो गई। आरोपी ने महिला व बेटियों को पिटाई करने के बाद घर से निकाल दिया। पीड़िता ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। कार्रवाई नहीं होने पर महिला ने एसएसपी ऑफिस पर शिकायती पत्र दिया। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि शिकायत पत्र पर लगे आरोपों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।