सरधना। सरूरपुर थाना पुलिस ने गांव मैनापूठी में एक मकान में पर छापा मारकर भारी मात्रा में दीपावली पर बिक्री के लिए रखी गई विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी के आदेश के बावजूद सरूरपुर क्षेत्र के मैनापूठी और गोटका गांव में पुलिस की साठगांठ के चलते लगातार अवैध रूप से आतिशबाजी बेचने और बनाने का काम बेखौफ किया जा रहा है। बंद मकान और जंगलों में चोरी छिपे आतिशबाजी बनाई जा रही है। एक सप्ताह पहले भी मैनापूठी गांव से पुलिस ने विस्फोटक सामग्री बरामद की थी।
शुक्रवार देर रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मैनापूठी गांव में सोनू पुत्र गुलफाम के मकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, आतिशबाजी आदि बरामद की। पुलिस ने इस मामले में गांव के ही दो युवकों अंकुर व सुमित पुत्र लीलू को गिरफ्तार किया है।
प्रभारी निरीक्षक देव सिंह रावत ने बताया कि सूचना पर बिक्री के लिए रखी गई विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले भी मैनापूठी गांव में आतिशबाजी बरामद की गई थी। गौरतलब है कि मैनापूठी गांव की आतिशबाजी काफी मशहूर है और यहां चोरी छिपे स्थानीय पुलिस की साठगांठ से अवैध पटाखे बनाने और बेचने का काम किया जा रहा है। इसी तरह गोटका गांव में भी आतिशबाजी बेचने और बनाने का काम किया जा रहा है।
शनिवार को पुलिस ने गोटका गांव से आतिशबाजी बेचने के लिए ले जा रहे बहरामपुर निवासी दो युवकों को भी गिरफ्तार किया है। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में अभी कोई कार्रवाई नहीं की है।