फाइनेंस कंपनी के प्रबंधक परिजनों के साथ पुलिस से शिकायत करने पहुंचे।
- फोटो : KITHOR
खरखौदा(मेरठ)। मेरठ में हाउसिंग फाइनेंस कंपनी के प्रबंधक से बृहस्पतिवार शाम कैली फ्लाईओवर के पास नकाबपोश बदमाशों ने नकदी व मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस तहरीर को चोरी में लेने का प्रयास करती रही। पीड़ित लूट की जिद के आगे पुलिस को मुकदमा दर्ज करना पड़ा।
जिला हापुड़ के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव वझीलपुर निवासी हर्ष पुत्र मुकेश त्यागी मेरठ में कैप्री ग्लोबल लिमिटेड हाउसिंग फाइनेंस कंपनी में प्रबंधक है। हर्ष त्यागी बृहस्पतिवार रात आठ बजे बाइक से घर जा रहे थे। हाईवे पर कैली में फ्लाईओवर के पास पहले से नकाबपोश तीन बदमाशों ने उसे तमंचा दिखाते हुए रोक लिया और पांच हजार की नकदी व मोबाइल लूट लिया। हर्ष के मुताबिक उसने बदमाश का नकाब हटाने की कोशिश की तो बदमाशों ने उसी लोहे की रॉड से पिटाई की। लूटपाट कर बदमाश फरार हो गए। गांव जाकर हर्ष ने जानकारी दी। शुक्रवार को पीड़ित ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस पीड़ित पर चोरी की घटना की तहरीर देने का दबाव बनाने लगी। परिजनों के विरोध पर पुलिस ने लूट की तहरीर लेकर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, सीओ किठौर रामानंद कुशवाहा के मुताबिक मामला लूट का ही हुआ है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।