डकैती की जानकारी लेती एसएसपी मंजिल सैनी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में आधा दर्जन से ज्यादा बदमाशों ने आधी रात सब्जी आढ़ती के घर करीब 60 लाख की डकैती को अंजाम दे डाला। आढ़ती की तीन बेटियों के निकाह की तैयारियां चल रही हैं। हथियारबंद बदमाशों ने आढ़ती सहित पूरे परिवार को बंधक बनाकर नकदी, सोना-चांदी के जेवर और कीमती सामान समेट लिया। एसएसपी मंजिल सैनी खुद मामले की जानकारी लेने आढ़ती के घर पहुंची हैं।
सरधना के मोहल्ला शेखान निवासी यासीन की मेरठ स्थित नवीन सब्जी मंडी में आढ़त है। सोमवार रात करीब 2:30 बजे यासीन अपने धेवते अलीम के साथ रोजाना की तरह सरधना से मंडी जा रहे थे। घर से निकलते ही दो बदमाशों ने दोनों को गन प्वाइंट ले लिया। बदमाश दोनों को वापस उनके घर पर लेकर पहुंचे और उनकी जेब में रखे करीब 33 हजार रुपये निकाल लिए। उसके बाद आढ़ती यासीन से गेट खुलवाया और अपने पांच साथियों के साथ घर में दाखिल हो गए।
घर का कोना-कोना खंगाला
बदमाशों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर करीब एक घंटे तक घर का कोना-कोना खंगाला। घर के तीन कमरों से करीब सवा किलो सोना और एक किलो चांदी के जेवर, 5.60 लाख रुपये और कीमती सामान कब्जे में कर लिया और आसानी से फरार हो गए। यासीन की सूचना पर एसओ सरधना मौके पर पहुंचे।
पढ़ें : दिनदहाड़े 9 लाख की लूट, तमंचे की बट से पीटकर बदमाश फरार
परिजनों से की पूछताछ
आढ़ती के घर डकैती
- फोटो : अमर उजाला
एसओ सरधना के अनुसार आढ़ती यासीन के घर पर उनका दामाद फुरकान निवासी बुढ़ाना भी परिवार के साथ रहता है। परिवार के सभी सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ की गई। यासीन ने बताया कि उसके परिवार में सात बेटियां हैं, जिनमें तीन बेटियों के निकाह की तैयारी चल रही है। सोने-चांदी के जेवर बेटियों के लिए खरीदे थे। मंगलवार दोपहर एसपी देहात राजेश कुमार और सीओ सरधना संतोष कुमार ने पहुंचकर पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने कई जगह से नमूने लिए।
यह घटना भी संदिग्ध
आढ़ती के अनुसार सन 2004 में भी उनके परिवार में शादी से पूर्व डकैती की घटना हुई थी। जिसमें बदमाश सोने-चांदी के जेवर के साथ 76 हजार रुपये ले गए थे। पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानकर एक सप्ताह में ही मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। एसओ सरधना धर्मेंद्र सिंह राठौर का कहना है कि परिजन जिस तरह से इस घटना को बता रहे हैं, उससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। जल्द इस घटना का खुलासा किया जाएगा।
जल्द होगा खुलासा
एसएसपी मंजिल सैनी के अनुसार मामला डकैती में दर्ज कर लिया है। एसपी देहात के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और सरधना पुलिस वारदात का जल्द खुलासा करेगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/